Tiger Shroff सुरक्षित मगर दो लोग घायल, Mumbai Police फायरिंग मामले की साइबर जांच में जुटी

By Ek Baat Bata | Oct 19, 2026

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर मुंबई में हुए हमले में बड़ा चौंकाने वाला मोड़ आया है। अब लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। सोशल मीडिया पर 'अनिल पंडित अनमोल बिश्नोई' नाम के अकाउंट से की गई यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है। इस पोस्ट में अभिनेता पर हुई गोलीबारी की जिम्मेदारी ली गई है। वहीं पूरी फिल्म इंडस्ट्री को खुली चेतावनी दी गई है। बता दें कि यह घटना जुहू पुलिस स्टेशन क्षेत्र के पुष्पा पार्क के पास हुई है।

जब अभिनेता एक ग्राउंड से अपनी कार में सवार होकर निकले, तो वहां पर उनको देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए थे। इस भीड़ का फायदा उठाते हुए हमलावरों ने अभिनेता की गाड़ी को निशाना बनाया और 3 से 4 राउंड की फायरिंग की है। सोशल मीडिया पर पोस्ट में लिखा है, 'जय महाकाल, जय श्री राम. राम राम जी सभी भाइयों को जो आज ये टाइगर श्रॉफ का काम हुआ है इसकी जिम्मेदारी मैं अनिल पंडित और हरमन संधु लेते हैं। इसको हमने कॉल करके समझाया था मगर इसको समझ नहीं आया। इसलिए इसको बढ़िया तरह ही समझा दिया और जो भी मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में हमारी बात नहीं सुनेगा या सलमान खान के साथ काम करेगा अगला नंबर उसका होगा।'

सलमान से जुड़े लोगों को मिली धमकी

इस पोस्ट के सामने आने के बाद फिल्म इंडस्ट्री में हड़कंप मच गया है। साफ तौर पर पोस्ट में यह कहा गया है कि जो भी एक्टर या निर्माता सलमान खान के साथ काम करेगा या उनकी बातों को नहीं सुनेगा, तो वह अगला निशाना बनाया जाएगा। लॉरेंस गैंग की ओर से सलमान खान और उनके करीबियों को निशाना बनाने की धमकियां दी जा चुकी हैं। टाइगर का इसमें नाम जुड़ने से मामला गंभीर हो गया है।

सुरक्षित हैं टाइगर और दो लोग घायल

शुरूआती अफवाहों में टाइगर के घायल होने की बात कही जा रही थी। लेकिन मुंबई पुलिस की तरफ से यह साफ कर दिया गया है कि टाइगर को गोलीबारी में कोई गोली नहीं लगी है। वह पूरी तरह से सुरक्षित हैं। हालांकि इस जानलेवा हमले में टाइगर के कार चालक और पास में मौजूद स्थानीय ऑटो रिक्शा चालक को गोलियां लगी हैं। दोनों घायलों को फौरन नजदीकी हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया, जहां पर उनका इलाज चल रहा है।

मुंबई पुलिस और साइबर सेल कर रही जांच

सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल होते ही साइबर सेल और मुंबई पुलिस एक्टिव हो चुकी है। अब पुलिस अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं किस आईपी एड्रेस और लोकेशन से यह पोस्ट डाली गई है। पुलिस भी यह पता लगा रही है कि क्या यह पोस्ट लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गों ने की है या फिर किसी असामाजिक तत्व ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से यह पोस्ट लिखी है। मुंबई पुलिस का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था अधिक कड़ी कर दी गई है और हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है।