नई माँ के लिए बहुत जरूरी है सही डाइट, जानें डिलीवरी के बाद क्या खाना चाहिए

By Ek Baat Bata | Jan 07, 2021

डिलीवरी के बाद एक महिला को अपने खानपान का खास ख्याल रखने की जरूर होती है। इस समय एक नई माँ का शरीर काफी नाजुक होता है और उसे अपने नवजात शिशु को स्तनपान भी करवाना होता है। ऐसे में डिलीवरी के बाद महिला को अधिक पोषण की जरूरत होती है। डिलीवरी के बाद नई महिला को अपनी डाइट में ऐसी चीज़ें शामिल करनी चाहिए जिससे उसे और उसके नवजात शिशु को पूर्ण पोषण मिल सके। आज के इस लेख में हम आपको बताएंगे कि डिलीवरी के बाद महिला को क्या खाना चाहिए -

अंडा
डिलीवरी के बाद महिलाओं को प्रोटीन की सबसे ज्यादा जरूरत होती है। अंडा प्रोटीन का सबसे अच्छा स्त्रोत माना जाता है। इसमें प्रोटीन के साथ-साथ ओमेगा 3 फैटी एसिड की भरपूर मात्रा होती है। अंडा खाने से शरीर को ताकत मिलती है और यह विटामिन डी की कमी को भी दूर करता है। एक रिसर्च में पाया गया कि अंडे में मौजूद ओमेगा 3 फैटी एसिड महिलाओं में पोस्‍टपार्टम डिप्रेशन के खतरे को कम कर सकता है।

दाल 
डिलीवरी के बाद महिलाओं को अपनी डाइट में दाल जरूर शामिल करनी चाहिए। दाल में प्रोटीन, फाइबर, विटामिन और मिनरल्स जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। दाल खाने से मांसपेशियाँ मजबूत बनती हैं और शरीर को ताकत मिलती है। यही कारण है कि महिलाओं को डिलीवरी के बाद दाल का पानी पिलाया जाता है। 

हरी सब्जियां 
हरी सब्जियाँ हमारी सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होती हैं। हरी सब्जियों में विटामिन ए, सी, आयरन और कैल्शियम की प्रचुर मात्रा होती है। डिलीवरी के बाद महिलाओं को अपनी डाइट में पालक, टिंडा, ब्रोकली, बीन्स और तोरी जैसी हरी सब्ज़ियाँ जरूर शामिल करनी चाहिए। हरी सब्जियों के सेवन से डिलीवरी के बाद ब्रेस्‍ट मिल्‍क बनाने में मदद मिलती है। इसके साथ ही हरी सब्जियों में कैलोरी की मात्रा कम होती है जिससे प्रेगनेंसी के बाद बढ़े हुए वजन को कम करने में मदद मिलती है। 

दूध और डेयरी प्रोडक्ट्स 
डिलीवरी के बाद नई माँ को दूध और डेयरी प्रोडक्ट्स का सेवन करना चाहिए। इनमें विटामिन डी, बी, ई, कैल्शियम और प्रोटीन जैसे कई पोषक तत्व मौजूद होते हैं। दूध में मौजूद कैल्शियम से हड्डियाँ मजबूत बनती हैं। इसके साथ ही यह डिलीवरी के बाद ब्रेस्‍ट मिल्‍क बनाने में मदद करता है। डिलीवरी के बाद महिलाओं को अपनी डाइट में दूध, दही, पनीर आदि शामिल करना चाहिए। 

फल 
डिलीवरी के बाद ताज़े फलों का सेवन नई माँ के लिए बहुत फायदेमंद होता है। फलों में विटामिन, प्रोटीन, कार्बोहायड्रेट और मिनरल्स जैसे कई पोषक तत्व पाए जाते हैं। सेब, अनार, केला जैसे फलों के सेवन से शरीर को ऊर्जा मिलती है और डिलीवरी के बाद होने वाली कमज़ोरी कम होती है।