Navratri Vrat Recipes: व्रत के दौरान घर पर बनाये जाने वाली टेस्टी और हेल्दी रेसिपीस

By Ek Baat Bata | Apr 01, 2022

नवरात्र का व्रत एक साल में दो बार रखा जाता है। एक बसंत के मौसम के आने पर और दूसरा पतझड़ के मौसम की शुरुआत होने पर। ये नौ दिनों तक चलता है। नवरात्रि हिंदुओं के सबसे महत्तवपूर्ण त्योहारों में से एक है। इसमें आप गेहूं के आटे और कई रोजाना के खाने में शामिल चीजों को खाने से परहेज करते हैं। केवल कुछ खास आटे या अजान जैसे कुट्टू, रामदाना के बीज, सिंगाड़े के आटा का ही सेवन किया जाता है। आमतौर पर आप इस तरह के आटे से रोटी, पूरी बना सकते हैं जो दोपहर भोजन या सुबह नाश्ते के लिए तो ठीक है। लेकिन, अगर आपको शाम में भूख लगती है तो खाने के लिए ज्यादा विकल्प नहीं होते। मां दुर्गा के व्रत के दौरान आप फलाहार कर सकते हैं साथ ही दूध, दही आदि खा सकते हैं। आप जो भी खाएं बस इस चीज का ख्याल रखें कि वह पूरी तरह शाकाहारी होना चाहिए। अब तो आपने जान ही लिया होगा कि नवरात्र पर्व में रखे जाने वाले व्रत के दौरान क्या खाना चाहिए और क्या नहीं तो चलिए अब बनाते हैं कुछ ऐसी चीज़े जिसे आप बड़ी आसानी से व्रत के दौरान बना और खा सकते हैं -
1. मूंगफली बर्फी
मूंगफली की बर्फी बनाने की सामग्री
- 2 कप मूंगफली के दाने
-1 कप शक्कर
-आधा कप पानी
-इलायची पाउडर
-1 टे.स्पून घी
-आधा कप खोया
मूंगफली की बर्फी बनाने की विधि
a. मूंगफली के दानों को पैन में सूखा भूनें।
b. ठंडा करके छिलके अलग कर लें। मिक्सर में इसका पाउडर बनाकर छान लें।
c. एक पैन में पानी और शक्कर डालकर आंच पर रखें।
d. चीनी घुलने पर इसमें घी व इलायची पाउडर डालें।
e. जब दो तार की चाशनी बन जाए तो मूंगफली व खोया डालकर गैस बंद करके मिश्रण को हिलाती रहें।
f. जब मिश्रण किनारा छोड़ने लगे तो ट्रे में चिकनाई लगाकर जमा दें।
g. जमने पर पौष्टिक फलाहारी मूंगफली की बर्फी इच्छानुसार आकार में काटकर सर्व करें।
2. व्रत के लिये फ्राई आलू
किसी भी फलाहारी व्रत के लिये आलू फ्राई कर के खाइये अच्छे लगते हैं। छोटे आलू हों तो आलू साबुत ही फ्राई किये जा सकते हैं, यदि आलू बड़े बड़े हैं तो उनके 4 या 6 टुकड़े कर के फ्राई किये जा सकते हैं। आइये व्रत के लिये आलू फ्राई कैसे करें ये जानते है -
a. बड़े 6-7 मीडियम आकार के आलू अच्छी तरह धोकर उबाल लीजिये, ठंडा कीजिये, छील लीजिये।
b. तेल कढ़ाई में डाल कर गरम कीजिये, गरम तेल में आलू डाल कर हल्के ब्राउन होने तक तल कर प्लेट में निकाल लीजिये।
c. एक टेबल स्पून तेल बचाकर, अतिरिक्त तेल निकाल दीजिये।
d. गरम तेल में जीरा डालिये, जीरा तड़कने के बाद आलू, नमक और आधा छोटी चम्मच काली मिर्च डाल कर आलू 2-3 मिनिट तक भूनिये, गैस बन्द कर दीजिये, हरा धनियां और एक नीबू का रस डाल कर मिलाइये।
e. लीजिये व्रत के लिये आलू तैयार हैं। स्वादिष्ट आलू परोसिये और खाइये।
Note :- यदि आप तेल ज्यादा नहीं खाना पसन्द करते तब आलू को तले बिना ही बनाइये। कढ़ाई में 1 टेबल स्पून तेल डाल कर गरम कीजिये, गरम तेल में जीरा डालिये, जीरा तड़कने के बाद आलू, नमक और काली मिर्च डाल कर आलू 2-3 मिनिट तक भूनिये, गैस बन्द कर दीजिये, हरा धनियां और नीबू का रस डाल कर मिलाइये। लीजिये व्रत के लिये आलू तैयार हैं। स्वादिष्ट आलू परोसिये और खाइये।
3. फलों का रायता
व्रत के समय फलों का रायता बनाइये, यह बड़ा ही स्वादिष्ट और तरोताजा करने वाला होता है। फलों का रायता अगर खाने के साथ है तो सच में खाने का स्वाद और पाचन दोनों ही बड़ जायेंगे।
सामग्री (फल)
केला - 1 (मोटे गोल टुकड़े में काट लीजिये)
सेब - 1 ( छील कर छोटे छोटे टुकड़े में काट लीजिये)
अंगूर - 40-50 (डंठल तोड़ लीजिये)
खरबूजा -  1 कप ( छोटे छोटे टुकड़े कटे हुये)
फलों का रायता बनाने की विधी
a. 400 ग्राम (2 कप) दही को 100 ग्राम  मलाई और 2 -3 टेबल स्पून चीनी मिला कर फैट लीजिये।
b. सारे तैयार फल दही में मिलाइये।
c. 2 इलायची छील कर बारीक कूट लीजिये रायते में मिला दीजिये।
d. रायते को ठंडा होने के लिये फ्रिज में रख दीजिये।
e. फलों का रायता तैयार है, ठंडा खुशबू दार रायता परोसिये और खाइये।
f. फलों का रायता बनाने के लिये आप अपने मन पसन्द कोई भी फल ले सकते हैं और कोई भी हटा सकते हैं।