क्रिसमस पर इन खास तरीकों से सजाएं अपना घर, मिलेगा यूनीक लुक

By Ek Baat Bata | Dec 23, 2020

दो दिन बाद क्रिसमस है। ऐसे में आपने भी अपने घर पर क्रिसमस की तैयारियां शुरू कर दी होंगी। क्रिसमस में हर तरफ हँसी-खुशी और फेस्टिव माहौल होता गई। बच्चों से लेकर बड़े तक, सब क्रिसमस पर अपनी फैमिली और फ्रेंड्स के साथ समय बिताते हैं और मौज-मस्ती करते हैं। क्रिसमस पर गिफ्ट्स, प्लम केक और खाने की तरह-तरह की स्वादिष्ट चीज़ों के बारे में सोच कर ही मन ख़ुशी और उत्साह से भर उठता है। परिवार के साथ मिलकर घर और क्रिसमस ट्री को सजाने में जो मज़ा है, उसकी तो बात ही अलग है। अगर आप क्रिसमस के मौके पर अपने घर पर पार्टी रख रहे हैं और इस बात को लेकर कन्फ्यूज़ हैं कि घर को कैसे सजाया जाए तो आज का लेख जरूर पढ़ें। आज हम आपको कुछ ऐसे आसान होम डेकॉर आइडियाज़ देने जा रहे हैं जिनकी मदद से आप अपने घर को बेहद ख़ास और खूबसूरत लुक दे सकते हैं -    

पार्टी के लिए चुनें कोई थीम
अगर आप क्रिसमस पार्टी पर अपने घर को खूबसूरत और खास लुक देना चाहते हैं तो पार्टी के लिए कोई थीम चुनें। आप चाहें तो अपनी पार्टी के लिए ट्रेडिशनल, म्यूज़िकल, नॉटिकल या अन्य किसी थीम का चुनाव कर सकते हैं। अपने घर को सजाने के लिए थीम के हिसाब चीज़ों का इस्तेमाल करें। जैसे ट्रेडिशनल थीम के लिए गाँव का लुक चुन सकते हैं या नॉटिकल थीम के लिए बोट या समुद्री जीवन से जुड़ी चीज़ों का इस्तेमाल कर सकते हैं।    

लाइट्स से सजाएं घर
क्रिसमस के मौके पर अपने घर को लाइट्स से सजाएं। आजकल बाज़ार में तरह-तरह की फैंसी लाइट्स उपलब्ध हैं। आप अपने घर को फेयरी लाइट्स, डिस्को लाइट्स, बल्ब या छोटी-छोटी रंग-बिरंगी लाइट्स से सजा सकते हैं। इसके अलावा आप अपने घर को अलग लुक देने के लिए डिम लाइट्स का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

कैंडल्स से सजाएं घर
आप अपने घर को सजाने के लिए कैंडल्स का इस्तेमाल कर सकते हैं। आप अपने लिविंग रूम को कैंडल्स से डेकोरेट करके बेहद खूबसूरत लुक दे सकते हैं। आप चाहें तो पुरानी कांच को बोतलों को पेंट करके उन्हें कैंडल स्टैंड के तौर पर इस्तेमाल कर सकते हैं, यह देखने में बहुत अलग और खूबसूरत लगेगा।

क्रिसमस ट्री को सजाएं
आप अपने क्रिसमस ट्री को अलग-अलग ढंग से सजा सकते हैं। आप चाहें तो क्रिसमस ट्री को रंग-बिरंगे पॉम-पॉम और रिबन से सजा सकते हैं। इसके अलावा आप चॉक्लेट्स से भी अपने क्रिसमस ट्री को सजा सकते हैं, यह बच्चों को काफी पसंद आएगा। आप अपने क्रिसमस ट्री को सजाने के लिए लाइट्स का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। आप क्रिसमस ट्री पर अपने फैमिली मेंबर्स की तस्वीर भी लटका सकते हैं, यह बेहद खास और अलग लगेगा।

ऑर्नामेंट्स का करें इस्तेमाल
क्रिसमस पार्टी के लिए घर को सजाने के लिए क्रिसमस से जुड़े ऑर्नामेंट्स का इस्तेमाल कर सकते हैं। आप अपने घर को पारंपरिक ढंग से सजाने के लिए रेथ का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा आप पूरे घर में जगह-जगह सेंटा सॉक्स और बेल्स लटका सकते हैं। सेंटा सॉक्स में आप चॉक्लेट्स डाल कर लटका सकते हैं, यह बच्चों के लिए काफी मज़ेदार रहेगा।

फूलों से सजाएं घर
आप क्रिसमस पर अपने घर को फूलों से सजा सकते हैं। क्रिसमस पर लाल और सफेद रंग का इस्तेमाल ज़्यादा होता है इसलिए आप अपने घर को लाल और सफेद रंग के फूलों से सजा सकती हैं। लेकिन अगर आप अपने घर को अलग लुक देना चाहती हैं तो मल्टीपल कलर के फूलों को फैंसी तरह से घर में लगा सकती हैं।