शादी होने वाली है तो शुरू कर दें तैयारी, स्लिम दिखने के लिए फॉलो करें ये टिप्स

By Ek Baat Bata | Nov 10, 2020

चाहे लड़की हो या लड़का, हर कोई अपनी शादी में परफेक्ट दिखना चाहता है। शादी तय होते ही हर लड़की अपने लुक्स और वजन पर ज़्यादा ध्यान देने लगती है। शादी की आउटफिट में अच्छा दिखने के लिए लड़कियाँ जिम या योग क्लासेज़ भी ज्वाइन करती हैं। लेकिन कई बार शरीर पर जमा फैट आसानी से नहीं जाता है।  दरअसल, यह जिद्दी फैट सेल्यूलाइट होता है। अगर आप भी अपनी शादी में स्लिम और फिट दिखना चाहती हैं तो ये टिप्स फॉलो कर सकती हैं -    

सेल्युलाइट क्या होता है?
सेल्युलाइट त्वचा के नीचे फैट जमा होने के कारण होता है। जब स्किन के ठीक नीचे फैट जमा हो जाता है तो वह टिशू को ऊपर की तरफ खिसका देता है जिससे सेल्युलाइट बन जाता है।  इससे स्किन असमान और गड्ढेदार हो जाती है, इसी वजह से इस तरह की स्किन को 'कॉटेज चीज स्किन' या 'ऑरेंज पील स्किन' भी कहा जाता है। सेल्युलाईट आमतौर पर कमर, पेट के निचले हिस्से बाजू या जांघ पर या हिप्स पर होता है।  

सेल्युलाइट कैसे कम करें?
शरीर से सेल्युलाइट कम करने के लिए आप आपको अपनी डाइट का खास ख्याल रखना होगा।  इसके अलावा आप नीचे बताई गई एक्सरसाइज भी कर सकती हैं -  

संतुलित आहार लें  
खाने में फैट की मात्रा ज्यादा होने के कारण सेल्युलाइट की समस्या होती है।  इससे छुटकारा पाने के लिए कम फैट वाला और संतुलित आहार लें।  

हाइड्रेटेड रहें
त्वचा को स्वस्थ रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीना बहुत जरूरी है।  पानी पीने से हमारी शरीर में मौजूद टॉक्सिन्स बाहर निकल जाते हैं और त्वचा साफ और स्वस्थ रहती है।  सेल्युलाईट कम करने के लिए भरपूर मात्रा में पानी पिएँ।

एक्सरसाइज करें
रोजाना एक्सरसाइज करने से आपको शरीर से सेल्युलाइट कम करने में मदद मिलेगी।  नियमित रूप से एक्सरसाइज करने से वजन के साथ साथ शरीर से फैट भी कम होगा और सेल्युलाइट से छुटकारा मिलेगा।  सेल्युलाइट कम करने के लिए आप स्विमिंग, रनिंग, साइक्लिंग कर सकते हैं।  इसके अलावा  स्क्वाट्स, लंज एक्सरसाइज और ग्लूट ब्रिज जैसी बॉडी वेट एक्सरसाइज भी कर सकते हैं।  आइए जानते हैं इन तीनों एक्सरसाइजेज़ को करने का तरीका -

स्क्वाट  
स्क्वॉट करने के लिए सबसे पहले सीधे खड़े होकर अपने हाथ सामने की ओर करें।
अब अपनी बैक को स्ट्रेट रखते हुए पीछे की ओर बैठें, जैसे कि आप कुर्सी पर बैठते हैं।
अपने पैरों को कंधे की चौड़ाई पर रखते हुए हाथ आगे करते हुए पीछे की ओर नीचे लगभग 90-100 डिग्री तक बैठें।
इस पोजीशन में आधा सेकेंड रुकने के बाद फिर से ऊपर की ओर आ जाएं।  

लंज एक्सरसाइज
लंज एक्सरसाइज करने के लिए फर्श पर सीधे खड़े हो जाएं और अपने दाएं पैर को आगे बढ़ाएं। अब बाएं पैर को अपनी जगह पर ही रखे रहने दें। दायां पैर कम से कम 2 फीट आगे होना चाहिए।
अब बैलेंस बनाते हुए अपनी अपर बॉडी को सीधा बनाए रखें।
ध्यान दें कि जब नीचे बैठें तो पीछे के पैर की सिर्फ अंगुलियां जमीन पर टच रहें, न कि पूरा पैर।
अब घुटने को मोड़ते हुए और शरीर को तब तक नीचे लाएं जब तक कि पीछे वाले पैर का घुटना फर्श से 2 इंच ऊपर तक न आए।
एक्सरसाइज के दौरान आगे वाले पैर की जांघ फर्श के समानांतर होनी चाहिए और पीछे का घुटना नीचे की ओर होना चाहिए।
अब 1 सेकेंड होल्ड करने के बाद सामने के पैर की एड़ी पर वजन रखते हुए, वापस खुद को ऊपर की ओर पुश करें। इससे आप प्रारंभिक स्थिति में आ जाएंगे।
अब पुनः अपने बाएं पैर को एक कदम आगे की ओर रखें वही पूरी क्रिया अपने दूसरे पैर से करें जो अपने दाएं पैर से की थी।

ग्लूट ब्रिज एक्सरसाइज
ग्लूट ब्रिज एक्सरसाइज  करने के लिए फर्श पर लेट जाएं। अब अपने दाएं घुटने को मोड़ लें और दूसरे पैर को सामने की तरफ सीधा रखें।  
अपने कूल्हों को उठाएं और ब्रिज पोज में आ जाएं।
अब अपने दाएं पैर को उठाएं और 45 डिग्री के कोण पर इसे पूरी तरह से फैलाएं।
इस पोजीशन में तीन सेकेंड तक बने रहें। कूल्हे का निचला हिस्सा और घुटना झुकना नहीं चाहिए।