नीम का तेल होता है बेहद गुणकारी, जानिए इसके बेहतरीन फायदे

By Ek Baat Bata | Apr 17, 2020

भारत में आयुर्वेद को सर्व रोगों को दूर करने में पारंगत माना गया है। आयुर्वेदिक औषधियां, जड़ी-बूटियां भारत ही नहीं अपितु विश्व भर में पुरातन काल से उपयोग में लाई गई हैं। नीम का तेल भी अपने औषधि गुण के लिए मशहूर है। कई रोगों से लड़ने के लिए नीम वज्र शक्ति का काम करता है। नीम की निंबोली से बना तेल, नीम की छाल और जड़ का उपयोग स्वास्थ्य संबंधी रोगों के लिए किया जाता रहा है।

त्वचा संबंधी विकारों के लिए नीम का उपयोग-

1. खुजली एवं फंगल इन्फेक्शन को दूर करने में सक्षम नीम का तेल एंटी-फंगल गुणों से भरपूर होता है। शरीर में मौजूद बैक्टीरिया को अपने एंटीबैक्टीरियल विशेषता से मारने की क्षमता रखता है। नीम के तेल को खुजली वाली त्वचा पर अच्छी तरह से लगाने से फंगल इंफेक्शन ठीक होता है व खुजली में आराम मिलता है।

2. चेहरे के कील, मुहांसों के लिए नीम के तेल का उपयोग कारगर साबित होता है। आप अपने मुहांसों से परेशान हैं तो नीम और जैतून तेल का मिश्रण तैयार करके मुंह पर लगाएं सूखने पर गुनगुने पानी से धुल दें।

3. एक्जिमा से निजात दिलाने में सहायक होता है नीम का तेल अमीनो एसिड और विटामिन- ई के गुणों से युक्त ये तेल बहुत ही कारगर औषधि है।

4. शरीर के किसी भी हिस्से की बाहरी चोट को ठीक करने के लिए नीम का तेल बहुत ही उचित होता है। आवश्यकतानुसार दिन में दो बार नीम का तेल चोट पर लगाने से घाव जल्दी भरता है।

हड्डियों के लिए बहुत ही मददगार होता है नीम का तेल
घुटनों का दर्द जब किसी व्यक्ति को अपनी चपेट में लेता है तो दर्द से छुटकारा पाने के लिए तरह-तरह के नुस्खों को आजमाते हैं। लेकिन नीम का तेल घुटनों के दर्द के लिए व हड्डियों की चोट के लिए बहुत ही कारगर औषधि है।

बाल बढ़ाने के लिए करें नीम तेल का उपयोग
बाजार में मौजूद मेडिकल लैब में तैयार किए गए विभिन्न प्रकार के बाजारु तेलों का उपयोग करने के बाद अगर बाल झड़ने का सिलसिला नहीं थम रहा तो नीम का तेल जरूर उपयोग करें। नीम का तेल अत्यंत सेहतमंद होता है। बालों में लगाने से बाल काफी कोमल, रेशमी, चमकदार और मजबूत बनते हैं। लेकिन इस तेल का रोजाना उपयोग उचित नहीं है। हफ्ते में दो बार इसका उपयोग किया जा सकता है। इस तेल को बाल में लगाने से और रूसी की समस्या जड़ से खत्म हो जाती है। सिर में मौजूद जुओं का इलाज भी नीम के तेल से हो सकता है।

दांतो के दर्द और मुंह के छालों के लिए नीम का तेल
मुंह में मौजूद कई प्रकार के बैक्टीरिया को मारने में नीम का तेल मददगार होता है। इसके इस्तेमाल से मुंह के छाले व दांतों में गंदगी नहीं रहती। नीम की निबोली कड़वी होती है, इसलिए नीम का तेल भी कड़वा होता है। इसलिए इसके उपयोग में सावधानी बरतनी जरूरी है।