बच्चा दूध पीते समय हांफने लगे तो इसे न करें नज़रअंदाज, हो सकती है यह गंभीर बीमारी

By Ek Baat Bata | Mar 22, 2021

छोटे बच्चे बहुत नाजुक होते हैं और उन्हें ज़्यादा देखभाल की जरुरत होती है। वे खुद बोलकर अपनी तकलीफ नहीं बता सकते हैं इसलिए माता-पिता को उनके स्वास्थ्य के बारे में जानने के लिए उनकी गतिविधियों पर नज़र रखना जरुरी है। अगर बच्चा दूध पीते समय ठीक से सांस न ले पाए तो यह गंभीर बीमारी का संकेत है। आज के इस लेख में हम आपको बताएंगे कि फीडिंग के समय बच्चा हांफने लगे तो इसका क्या मतलब है -   

क्‍या है समस्‍या?
अगर फीडिंग यानी दूध पीते वक्त आपके बच्चे की सांस फूलने लगती है, तो इसे नज़रअंदाज़ न करें। फीडिंग के समय बच्चे को सांस लेने में परेशानी होना चिंता  की बात है। इसके लिए आपको तुरंत डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए। दूध पीते समय अगर बच्चे की सांसें तेज फूलने लगे तो ये गंभीर बीमारी हो सकती है। इस समय बच्चे के हांफने का कारण दिल की बीमारी हो सकती है। सही समय पर जांच करवाना जरुरी है। 

क्या है डॉक्टर्स की राय?
डॉक्टर्स के मुताबिक दिल की बीमारी के 95-97 फीसदी लक्षण जन्म से ही दिखने लगते हैं। जबकि कुछ मामलों में ये लक्षण उम्र के साथ दिखते हैं। इसी के साथ दूध पीते समय बच्चे को ज्यादा पसीना आना, बार-बार निमोनिया होना, छाती में संक्रमण, कमजोरी, शरीर का रंग नीला होना भी दिल की बीमारी के संकेत हो सकते हैं।

क्या है इलाज?
बच्चे में ये लक्षण दिखने के बाद बीमारी का पता लगाने के लिए डॉक्टर इको टेस्ट करवाने की सलाह देते हैं। अगर बीमारी का सही समय पर पता लग जाए तो इसका इलाज संभव है। इसके लिए डॉक्टर सर्जरी कर सकते हैं।