पति-पत्नी के बीच नोकझोंक होना आम बात है। दोनों एक-दूसरे को ऐसा कुछ कह देते हैं और बहस होने लगती है। लेकिन अगर ज्यादा झगड़ा हो जाए और पत्नी आपसे नाराज हो जाए, तो वह पति के लिए मुश्किल हो सकती है। क्योंकि कहते हैं कि पत्नी को मनाना एक कला है। जो पति यह कला सीख जाते हैं, उनका वैवाहिक जीवन खुशहाल हो जाता है। लेकिन जो यह कला नहीं सीख पाते हैं, उनको सिर पकड़कर बैठना पड़ जाता है। ऐसे में अगर आपकी पत्नी आपसे नाराज हो जाती है, तो हम आपको पत्नी को मनाने के कुछ तरीकों के बारे में बताने जा रहे हैं।
नाराज पत्नी को ऐसे मनाएं
सॉरी कहें
अगर पत्नी आपसे नाराज है, तो बिना बहस और ज्यादा समय लिए सॉरी कह दीजिए। पत्नी को भी अपनी गलती का एहसास होते देर नहीं लगती है। लेकिन अगर आप अड़े रहेंगे कि वह आपको पहले मनाएं तो इससे बात बिगड़ सकती है।
कुछ स्पेशल बनाएं
सिर्फ पति ही नहीं बल्कि पत्नी के भी दिल का रास्ता पेट से होकर जाता है। इसलिए पत्नी को मनाने के लिए आप उनकी पसंद का खाना बना सकते हैं। भले ही खाने में स्वाद न आए, लेकिन आपके एफर्ट्स देखकर पत्नी को आप पर प्यार जरूर आएगा।
पत्नी की बात सुनें
अगर पत्नी आपसे नाराज है तो उसको समझाने की जगह उसकी बात सुनें। उनसे प्यार से पूछें कि आपसे क्या गलती हुई है या वह आपसे नाराज क्यों हैं। हालांकि इसमें थोड़ा समय जरूर लगेगा, लेकिन एक बार वह आपसे मन की बात कह देंगी, तो उसका दिल हल्का हो जाएगा और पत्नी का गुस्सा भी शांत हो जाएगा।
गिफ्ट लाएं
आप पत्नी को मनाने के लिए कुछ गिफ्ट दे सकते हैं। बड़ा या महंगा गिफ्ट न सही आप उसको प्यार से एक गुलाब दे सकते हैं। यह तरीका भी उनके गुस्से को पिघला सकता है। पत्नियां बड़े-बड़े तोहफों से ज्यादा छोटी-छोटी चीजों में प्यार ढूंढती हैं।
नोट या शायरी भेजें
हालांकि इसको पत्नी के पीछे पड़ना कह सकते हैं। लेकिन पत्नी की नाराजगी को कम करने और उसको मनाने के लिए आपको थोड़ा तो मेहनत करनी होगी। आप पत्नी को प्यार भरा मैसेज लिखकर भेजें। वहीं आप चाहें तो कागज पर मैसेज या व्हाट्सएप पर पत्नी को प्यार भरी शायरी भेज सकते हैं।