डिलीवरी के बाद पिएँ ये हेल्दी ड्रिंक्स, जल्दी होगी रिकवरी

By Ek Baat Bata | Aug 26, 2021

जब एक महिला बच्चे को जन्म देती है तो उसका शरीर बहुत कमजोर हो जाता है। प्रेगनेंसी के दौरान गर्भवती महिला के शरीर में कई तरह के हॉर्मोनल बदलाव होते हैं जिससे उसके स्वास्थ्य पर असर होता है। अक्सर महिलाएं डिलीवरी के बाद अपने बच्चे की देखभाल में इतनी व्यस्त हो जाती हैं कि उन्हें अपनी सेहत का ख्याल ही नहीं रहता। गर्भावस्था के बाद महिलाओं को काफी देखभाल की जरूरत होती है। बच्चे के जन्म के बाद कई महिलाओं को कमजोरी, पीठ और कमर दर्द जैसी कई तरह की समस्याएं होती हैं। कुछ महिलाओं में पोषण की कमी के कारण पर्याप्त ब्रेस्ट मिल्क नहीं बन पाता है। ऐसे में महिलाऐं इन समस्याओं से निपटने के लिए दवाओं का सेवन करती हैं। लेकिन आयुर्वेद में कुछ ऐसी हेल्दी ड्रिंक्स बताई गई हैं जिनसे महिला को डिलीवरी के बाद पर्याप्त पोषण मिलता है। आज के इस लेख में हम आपको कुछ ऐसी ही हेल्दी ड्रिंक्स के बारे में बताने जा रहे हैं -

सौंफ का पानी 
डिलीवरी के बाद नई माँ के लिए सौंफ का पानी बहुत फायदेमंद होता है। कई महिलाओं में डिलीवरी बाद मोटापे की समस्या होती है। आयुर्वेद के अनुसार, सौंफ का पानी पीने से वजन कम करने में मदद मिलती है और ब्रेस्टमिल्क बढ़ता है। इसके लिए एक गिलास पानी में एक चम्मच सौंफ डालकर उबालें। जब पानी ठंडा हो जाए तो इसमें शहद डालकर पिएँ।

लहसुन वाला दूध 
डिलीवरी के बाद कुछ महिलाओं को पाचन संबंधी समस्याएं हो जाती हैं। ऐसे में दूध में लहसुन मिलाकर पीना बहुत फायदेमंद होता है। लहसुन में भरपूर मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट्स, एंटीइंफ्लामेटरी और एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं। इससे माँ और शिशु दोनों को स्वस्थ रहने में मदद मिलती है और ब्रेस्टमिल्क भी बढ़ता है। इसके लिए 3-4 कली लहसुन को कूटकर एक गिलास पानी में डालकर उबाल लें। जब यह सिर्फ 1/4 रह जाए तो इसमें दूध और शहद डालकर उबाल लें। जब दूध थोड़ा ठंडा हो जाए इसे पिएँ। 

अश्वगंधा की चाय 
डिलीवरी के बाद कई महिलाओं को गैस, एसिडिटी और घुटनों में दर्द की समस्या हो जाती है। अगर आप भी इन समस्याओं से परेशान हैं तो अश्वगंधा की चाय का सेवन करें। इसके लिए एक कप पानी में एक चम्मच अश्वगंधा और दो इलायची डालकर उबालें। जब पानी आधा हो जाए तो चाय को छानकर उसका सेवन करें। इससे आपको वात संबंधी समस्याओं से छुटकारा मिलेगा। 

हल्दी वाला दूध 
डिलीवरी के बाद महिलाओं के लिए हल्दी के दूध का सेवन करना बहुत फायदेमंद होता है। हल्दी में एंटी-इंफ्लामेटरी और एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं जो शरीर को अंदरूनी तौर पर स्वस्थ बनाने में मदद करते हैं। चाहे आपकी नॉर्मल डिलीवरी हुई हो या सी सेक्शन डिलीवरी, आपको हल्दी वाले दूध का सेवन जरूर करना चाहिए। इससे डिलीवरी के टाँके जल्दी भरेंगे और संक्रमण से भी बचाव होगा।