By Ek Baat Bata | Nov 19, 2026
शाम की चाय हो या फिर अचानक से कोई मेहमान आ जाए। हर किसी की पहली पसंद कचौरी होती है। लेकिन बार-बार मैदे से बनी कचौरियां सेहत के लिए अच्छी नहीं मानी जाती हैं। हालांकि अगर आप स्वाद और सेहत दोनों का ध्यान रखना चाहती हैं, तो आप गेहूं के आटे से बनी स्वादिष्ट खस्ता आलू कचौरी बना सकती हैं। आलू कचौरी बनाना बेहद आसान है और इसमें ज्यादा समय भी नहीं लगता है। अजवाइन और मोयन से तैयार गेहूं का आटा और अंदर भरा उबले आलू और खास मसालों का मिश्रण इसको एकदम मार्केट जैसा स्वाद देता है। ऐसे में आज इस आर्टिकल के जरिए हम आपको कम समय में स्वादिष्ट खस्ता आलू कचौरी बनाने के बारे में बताने जा रहे हैं।
सबसे पहले एक कड़ाही में 2 बड़े चम्मच तेल को गर्म करें। फिर इसमें 1/4 छोटा चम्मच हींग और 1/2 छोटा चम्मच जीरा डालकर भूनें। फिर इसमें 300 ग्राम उबले और मैश किए हुए आलू डालकरें। फिर कड़ाही में 1 छोटा चम्मच चाट मसाला, स्वादानुसार नमक, 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर, 1/2 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर, 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर और 1 बड़ा चम्मच कसूरी मेथी डालें। अब आलू के साथ सभी मसालों को अच्छे से मिक्स कर लें। इसके बाद आलू मसाला को ठंडा होने के लिए रख दें।
सबसे पहले एक परात में 2 कप गेहूं का आटा निकालकर इसमें 1/2 छोटा चम्मच अजवाइन, 1/2 छोटा चम्मच नमक और 2 बड़े चम्मच रिफाइंड तेल डालें। अब सभी चीजों को अच्छे से मिलाएं और चेक करें कि मोयन सही है या नहीं। फिर थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर आटा गूंथ लें। अब आटे को 10 मिनट के लिए रेस्ट पर गीले सूती कपड़े से ढककर रख दें। आटे को रेस्ट देने से कचौरी बेलते और फ्राई करते समय फटती नहीं है।
गूंथे हुए आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और इनको हाथों के बीच गोल घुमाकर थोड़ा सा चपटा करें। फिर इसके किनारे को फैलाकर बड़ा करें और इसमें तैयार किया हुआ आलू मसाला रखें। अब आटे को ऊपर की ओर लाते हुए पोटली को बंद कर दें और एक्स्ट्रा आटा तोड़कर निकालें। अब दोबारा गोल करते हुए चपटा करें। इस तरीके से सभी कचौरियां तैयार करें। फिर एक कड़ाही में तेल गर्म करें और धीमी आंच पर कचौरियां तेल में डालें।
जब कचौरी खुद हल्की सी पककर तेल के ऊपर आए, तो आंच को मीडियम कर दें। अब दोनों तरफ से इसको सुनहरा और क्रिस्पी होने तक भूनें। जब यह भुन जाए, तो इसको निकाल लें और इसे टोमैटो केचप या तीखी हरी चटनी के साथ गरमा-गरम सर्व करें।