By Ek Baat Bata | Sep 30, 2026
किचन में बर्तन धोते समय अगर सिंक में पानी जमा हो जाता है या फिर पानी धीरे-धीरे निकल रहा है। तो जरूर नहीं कि हर बार प्लंबर को बुलाना पड़े। कई बार सिंक की नाली में खाने के छोटे-छोटे टुकड़े, चिकनाई और तेल जमा होने से पानी निकलने का रास्ता धीरे-धीरे बंद हो जाता है। ऐसे में कुछ आसान और घरेलू उपायों से हल्के जाम को हटाने की कोशिश की जा सकती है। वहीं लगातार पानी अगर सिंक में वापस आ रहा है, पानी पाइप से लीक हो रहा है या फिर अंदर तक जाम है। तो खुद पाइप को न खोलें, बल्कि प्लंबर को बुलाकर मदद लें।
अगर नाली में चिकनाई या तेल जमा हो गया है और इस कारण पानी धीरे-धीरे निकल रहा है। तो पहले सिंक में जमा पानी को किसी बर्तन की मदद से निकाल दें। अब नाली में थोड़ा डिशवॉश लिक्विड डालकर कुछ समय के लिए ऐसे छोड़ दें। फिर धीरे-धीरे गर्म पानी डालें।
लेकिन बहुत ज्यादा खौलता पानी सीधे नाली में नहीं डालना चाहिए। इससे पाइप गर्मी की वजह से खराब हो सकता है। इसलिए सामान्य रूप से गर्म पानी का इस्तेमाल करना चाहिए। इस तरीके से पाइप के अंदर जमी चिकनाई कुछ हद तक ढीली हो सकती है।
अगर पानी अभी भी नहीं निकल रहा है, तो सिंक प्लंजर की सहायता ले सकती हैं। प्लंजर को नाली के मुंह पर अच्छे से फिट करें और कुछ बार तेजी से ऊपर-नीचे की ओर दबाएं। इससे पाइप के अंदर दबाव बनता है और जमा गंदगी ढीली हो सकती है।
अगर सिंक में दो नालियां हैं, तो दूसरी नाली को किसी गीले कपड़े या स्टॉपर से बंद कर दें। इससे प्लंजर का दबाव बेहतर तरीके से काम कर सकता है। जब पानी निकलने लगे, तो थोड़ी देर के लिए साफ पानी बहाकर नाली को फ्लश कर दें।
सिंक की नाली को बार-बार जाम होने से बचाने के लिए आप बर्तन में बचे खाने को पहले हटा दें। वहीं घी, तेल और बची हुई चिकनाई को भी नाली में न बहाएं। इनको पहले से अलग कंटेनर में निकाल दें।
इसके अलावा सिंक की नाली के ऊपर स्ट्रेनर या छोटी जाली लगाएं। इससे खाने के टुकड़े पाइप में जाने से रुकेंगे। अगर घरेलू उपायों के बाद भी पानी नहीं निकलता है, पाइप से रिसाव हो रहा है या तेज बदबू आती है तो प्लंबर को बुलाना बेहतर रहेगा।