अधिकतर लोग हरे धनिया को फ्रेश बनाए रखने के लिए कई तरीके अपनाते हैं। फ्रिज में धनिया रखने से यह ठंड के कारण जल्दी खराब हो जाती है। वहीं बाहर छोड़ दो तो सूखकर खराब हो जाती है। ऐसे में धनिया को कैसे स्टोर किया जाए कि यह लंबे समय तक फ्रेश बना रहे। हरा धनिया खाने के स्वाद को बढ़ाने का काम करता है। खाने में स्वाद बढ़ाने को लेकर घरेलू उपचार के रूप में भी हरी धनिया का इस्तेमाल किया जाता है।
लेकिन यह बहुत जल्दी खराब होने लगती है। वहीं गर्मियों में तो हरा धनिया कुछ ही घंटों में मुरझाने लगता है। ऐसे में आज इस आर्टिकल के जरिए हम आपको हरी धनिया पत्तियों को ताजा बनाए रखने के लिए कुछ हैक्स के बारे में बताने जा रहे हैं। जिनको अपनाने से हफ्तों तक धनिया पत्ता फ्रेश बना रहेगा।
पानी
धनिया की पत्तियों को स्टोर करने के लिए पानी का इस्तेमाल करें। इसके लिए एक गिलास में पानी भर लें। फिर जड़ सहित धनिया को इस पानी में डाल दें। इससे धनिया की पत्तियां खराब नहीं होंगी और काफी समय तक ताजगी भी बनी रहेगी।
सूती कपड़ा
धनिया को साफ करके और इसकी जड़ों को काट दें। फिर धनिया को सूती कपड़े में लपेटकर रखें। अब इस पर हल्का सा पानी का छींटा मारें। धनिया को ऐसी जगह पर रखें, जहां से ताजी हवा आए। इस तरीके से धनिया लंबे समय तक ताजा बना रहेगा।
पन्नी और पेपर का इस्तेमाल
धनिया को पन्नी में रख लें और पेपर में लपेट लें। आप चाहें तो इसको किसी पेपर बैग में रख सकते हैं। यह जरूरत के हिसाब से नमी भी लेता रहेगा और लंबे समय तक हरा भी बना रहेगा।
एयर-टाइट कंटेनर में रखें
धनिया की पत्तियों को स्टोर करने के लिए एयर-टाइट कंटेनर का इस्तेमाल करना चाहिए। पहले धनिया की पत्तियों को धोकर सुखा लें। फिर पानी सूख जाने के बाद इसको पेपर में रैप करें और एयर टाइट कंटेनर में भर दें। इससे धनिया पत्ता लंबे समय तक खराब नहीं होगा।
मलमल के कपड़े का इस्तेमाल
अगर आप भी धनिया को लंबे समय तक फ्रेश रखना चाहती हैं, तो इसको मलमल के कपड़े में लपेटकर रखें। अगर मलमल का कपड़ा नहीं है, तो कुछ ऐसा चुनें, जिसमें हवा की आवाजाही हो। वरना इसकी ताजगी चली जाएगी और यह पत्तियां सूख जाएंगी।