लोहे का तवा किचन की सबसे जरूरी चीजों में से एक है। लेकिन तवे पर जंग लगना कॉमन समस्या है। जंग लगा तवा न सिर्फ रोटियों का स्वाद बिगाड़ देता है, बल्कि यह सेहत के लिए भी हानिकारक हो सकता है। अगर आप भी तवे को घंटों रगड़कर थक जाती हैं, तो इसको साफ करने के नमक और सोडा वाला उपाय काम आएगा। इस आसान नुस्खे में नमक, बेकिंग सोडा और सिरके का इस्तेमाल किया जाता है। यह नुस्खा लोहे पर जमी जिद्दी जंग को मिनटों में काट देता है। आपको बस नींबू के साथ इसको हल्का घिसना है और तवा नए जैसा हो जाएगा। ऐसे में आज इस आर्टिकल के जरिए हम आपको बताने जा रहे हैं कि जंग लगा लोहे का तवा साफ करने का आसान तरीका क्या है।
बेकिंग सोडा और नमक
सफाई शुरू करने से पहले जंग लगे तवे को सुखा लें। अब तवे पर एक चम्मच बेकिंग सोडा और एक चम्मच नमक चारों ओर अच्छे से फैलाएं। क्योंकि नमक अब्रेसिव के रूप में काम करता है और जंग की ऊपरी परत को ढीला कर देता है। बेकिंग सोडा गंदगी और जमी हुई चिकनाई को हटाने में मदद करता है।
सफेद सिरका
नमक और सोडा डालने के बाद इसके ऊपर से थोड़ा सा सफेद सिरका छिड़कें। सिरका सोडे के संपर्क में आता है और इसमें बुलबुले बनने लगते हैं। यह रासायनिक प्रोसेस लोहे से जंग को जड़ से उखाड़ने में असरदार माना जाता है। इसको डालने के करीब 1-2 मिनट के लिए छोड़ दें, जिससे मिश्रण अपना काम कर सकें।
नींबू से घिसे
नींबू को बीच से काट लें और कटे हुए नींबू से तवे पर फैले मिश्रण को रगड़ें। नींबू का सिट्रिक एसिड, सिरके और सोडे के साथ मिलकर एक पावरफुल क्लीनर बन जाता है। इसको लगाकर घंटों तक रगड़ने की जरूरत नहीं होगी। नींबू को हल्का सा घुमाते हुए हल्का सा घिसें। इससे आप पाएंगे कि जंग का कालापन खुद-ब-खुद निकल जाएगा।
मेहनत से मिलेगा छुटकारा
अगर आप तवा को ईंट या लोहे के जूने से रगड़ते हैं, तो तवा पर निशान पड़ जाते हैं। लेकिन जब आप ऊपर बताया गया नुस्खा अपनाती हैं, तो जंग पूरी तरह से ढीली पड़ जाती है। इसके बाद तवा को साधारण साबुन या लिक्विड वॉश और स्पंज की मदद से साफ कर लें। आखिरी में नॉर्मल पानी से अच्छे से धो लें।
इस आसान तरीके से आप पाएंगी कि तवे की सतह बिल्कुल साफ और चिकनी हो गई है। वहीं तवा को धोने के फौरन बाद इसको सूखे कपड़े से पोंछना न भूलें। क्योंकि नमी के कारण दोबारा जंग लग सकती है।
ग्रीसिंग है जरूरी
तवा साफ करने के बाद इसको जंग से बचाने के लिए सीजनिंग जरूरी है। तवा को पोंछने के बाद कुकिंग ऑयल की कुछ बूंदें डालकर इसको सूती कपड़े या फिर टिश्यू से पूरी सतह पर फैला दें। तेल की यह पतली सी परत लोहे और हवा के बीच दीवार बना देती है, जिससे तवा पर जंग नहीं लगती है।