जस्टिस बी वी नागरत्ना बनेंगी पहली महिला सीजीआई, जानिए इनके बारे में

By Ek Baat Bata | Aug 19, 2021

जस्टिस बी वी नागरत्ना जल्द ही भारत की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश बन सकती हैं। बी वी नागरत्ना उन तीन महिला न्यायाधीशों में शामिल हैं, जिन्हें सर्वोच्च न्यायालय के पांच सदस्यीय कॉलेजियम द्वारा शीर्ष अदालत में नियुक्तियों के लिए मंजूरी दी गई थी। मुख्य न्यायाधीश एनवी रमना के नेतृत्व में, सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने शीर्ष अदालत में पदोन्नति के लिए नौ न्यायाधीशों के नामों की सिफारिश की है। कॉलेजियम द्वारा स्वीकृत अन्य नामों में दो और महिला न्यायाधीश और सुप्रीम कोर्ट बार से एक सीधी नियुक्ति शामिल है। जस्टिस बी वी नागरत्ना के अलावा, अन्य दो महिला न्यायाधीशों का चयन किया गया था, जिनमें न्यायमूर्ति हिमा कोहली, जो तेलंगाना हाई कोर्ट की मुख्य न्यायाधीश हैं और न्यायमूर्ति बेला त्रिवेदी, जो गुजरात हाई कोर्ट में न्यायाधीश हैं। लेकिन इस चयन में शीर्ष पर जस्टिस बी वी नागरत्ना हैं जिनके साल 2027 में चीफ जस्टिस बनाने की घोषणा की गई है। उनका एक महीने का कार्यकाल होने की संभावना है। भारत की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश के पद पर उनकी नियुक्ति एक ऐतिहासिक क्षण होगा। 

जस्टिस बी वी नागरत्ना का जन्म 30 अक्टूबर 1962 को हुआ था। उन्होंने बेंगलुरु में एक वकील के रूप में शुरुआत की और फरवरी 2008 में उन्हें कर्नाटक हाई कोर्ट में एक अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया। इसके दो साल बाद उन्हें स्थायी न्यायाधीश बनाया गया। जस्टिस  बी वी नागरत्ना  इस समय कर्नाटक उच्च न्यायालय की न्यायाधीश हैं। जस्टिस नागरत्ना ने कर्नाटक में कॉमर्शियल और संवैधानिक कानूनों की व्याख्या करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय दिए हैं। अपनी हालिया अदालती सुनवाई के दौरान जस्टिस नागरत्ना की एक महत्वपूर्ण टिप्पणी की, "भारत का पितृसत्तात्मक समाज सशक्त महिलाओं के साथ व्यवहार करना नहीं जानता है।"

बी वी नागरत्ना भारत के 19वें मुख्य न्यायाधीश ई एस वेंकटरमैया की पुत्री हैं। उनके पिता ने जून 1989 और दिसंबर 1989 के बीच भारत के मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्य किया। उन्हें 2008 में कर्नाटक उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश और दो साल बाद स्थायी न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया था। अगर केंद्र सरकार द्वारा मंजूरी दे दी जाती है, तो जस्टिस नागरत्ना 2027 में एक महीने से अधिक समय के लिए मुख्य न्यायाधीश होंगी। जस्टिस बी वी नागरत्ना  देश की सभी महिलाओं के लिए प्रेरणा की स्रोत हैं।