करवा चौथ पर गहरा रचेगा मेहँदी का रंग, बस फॉलो करें ये आसान टिप्स

By Ek Baat Bata | Oct 22, 2021

कोई भी त्यौहार,शादी-ब्याह या ख़ुशी का मौका हो, मेहँदी लगाना शुभ माना जाता है। मेहँदी को 16 श्रृंगार में से एक माना जाता है और इसके बिना श्रृंगार अधूरा सा लगता है। करवाचौथ में अब कुछ ही दिन बाकी हैं। ऐसे में इस खास मौके पर मेहँदी लगाने का अलग ही क्रेज रहता है। ऐसा माना जाता है कि मेहँदी का रंग जितना गहरा रचेगा, पति-पत्नी के बीच उतना ज़्यादा प्यार बना रहेगा। हर कोई चाहता है कि उसकी मेहँदी का रंग अच्छा और डार्क हो, जिससे मेहंदी और ज़्यादा निखरी हुई लगे। आज के इस लेख में हम कुछ ऐसी टिप्स देने जा रहे हैं जिससे आपकी मेहँदी सुन्दर और गहरी रचेगी -

नीलगिरी का तेल लगाएं  
मेहँदी हमेशा साफ़ हाथों में लगवानी चाहिए। मेहँदी लगाने से पहले हाथों को साबुन से अच्छे से धोने के बाद साफ कपड़े  से पोंछ लें। अब मेहँदी लगाने से पहले हाथों में नीलगिरि का तेल लगाएं। इससे मेहँदी का रंग गहरा चढ़ता है।

मेहंदी को ज़्यादा देर तक रखें
अगर आप चाहती हैं कि आपकी मेहँदी अच्छी रचे और रंग गहरा आए तो मेहँदी को कम से कम 6-7 घंटों तक हाथों पर लगा रहने दें।
 
मेहंदी को ढक कर रखें
मेहँदी को ढक कर रखने से अच्छा गहरा रंग आता है। लेकिन ऐसा खुद से ना करें वरना आपकी मेहँदी का डिज़ाइन खाब हो सकता है। मेहँदीवाले से ही पन्नी या मेडिकल टेप की मदद से मेहँदी को कवर करवा लें।
 
पानी ना लगाएं
मेहंदी हटाने के बाद कम से कम 10-12 घंटों तक हाथों को पानी से बचा कर रखें।
 
चीनी-नींबू का घोल
मेहंदी डार्क करने का यह काफी आसान और हिट तरीका है। जब मेहंदी हल्की सूख जाए तो उस पर रुई की मदद से चीनी और नींबू का घोल लगाएं। इससे मेहंदी जल्दी सूखेगी नहीं और कलर अच्छा आएगा।
 
लौंग
तवे पर कुछ देर तक लौंग को गरम करें और इसके धुंए से अपने हाथ की सिकाई करें। इससे भी मेहंदी का कलर डार्क होता है।
 
बाम
मेहंदी हटाने के बाद अपने हाथ में विक्स या कोई और बाम लगाएं। बाम की गर्मी से मेहँदी का रंग गहरा होता है।
 
मोम
मेहंदी का रंग डार्क करना हो तो अपने हाथों में मोम घिस कर भी लगा सकती हैं।
 
पेट्रोलियम जेली
मेहँदी हटाने के बाद हाथों में पेट्रोलियम जेली लगाने से मेहँदी का रंग अच्छा चढ़ता है।
 
सरसों का तेल
मेहँदी हटाने के बाद हाथों में सरसों का तेल लगा लें, इससे हाथों में गर्माहट आएगी और मेहँदी का कलर डार्क होगा।