Natural Cleaning Hacks: Lemon Peel से घर पर बनाएं Floor Cleaner और चमकाएं गंदी Marble टाइल्स

By Ek Baat Bata | Oct 03, 2026

हर कोई अपने घर को साफ रखने के लिए रोजाना सफाई करता है। लेकिन रोजाना सफाई के बाद भी अक्सर फर्श की मार्बल और बाथरूम की टाइल्स की लाइनें गंदी नजर आती हैं। कई बार बाथरूम की सफेद टाइलों के बीच की ग्राउट पहले जैसी सफेद नहीं दिखती और कुछ ऐसा ही हाल मार्बल के फर्श का भी होता है। रोज पोछा लगाने के बाद भी इस पर जमी गंदगी साफ नहीं होती है। लेकिन घर में मौजूद कुछ चीजों की मदद से इनकी गंदगी को काफी हद तक कम किया जा सकता है। ऐसे में हम आपको मार्बल और बाथरूम टाइल्स को साफ करने के आसान तरीके के बारे में बताने जा रहे हैं।

ऐसे चमकाएं घर की गंदी मार्बल और बाथरूम टाइल्स

अगर आपके घर की टाइल्स की लाइनें गंदी हो गईं हैं, तो आपको इनको फिर से नए जैसा चमकाने के लिए तेज केमिकल वाले महंगे क्लीनर खरीदने की कोई जरूरत नहीं है। दरअसल, आप किचन की कुछ साधारण और प्राकृतिक चीजों के इस्तेमाल से इनको साफ और चमकदार बना सकती हैं।

अक्सर हम सभी के घरों में नींबू के रस का इस्तेमाल करने के बाद छिलकों को फेंक दिया जाता है। लेकिन क्या आप जानती हैं कि नींबू के यह छिलके घर की सफाई में बहुत काम आ सकते हैं। आप एक आसान उपाय की मदद से नींबू के छिलकों से फ्लोर क्लीनर और डिश वॉश लिक्विड बनाकर तैयार कर सकती हैं। इससे आपके घर में न सिर्फ ताजगी भरी खुशबू आएगी, बल्कि आपको मार्केट से महंगे क्लीनिंग प्रोडक्ट्स खरीदने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी।

तैयार करें नींबू के छिलकों का बेस

सबसे पहले नींबू का रस निकाल लें और बचे हुए छिलकों को एकत्र कर लें। अब इन पर थोड़ा सा डिटर्जेंट डालें और फिर मिक्सी में थोड़ा पानी मिलाकर इसे पीस लें। अब इसको छान लें और बचे हुए गूदे में फिर से थोड़ा सा पानी डालकर पीसें। जिससे कि आप छिलकों का पूरा उपयोग कर सकें।

ऐसे बनाएं नेचुरल डिश वॉश

इस मिश्रण में आधा कप सिरका मिलाएं और इसके एक हिस्से में 2 से 3 चम्मच बेकिंग सोडा मिलाएं। इस तरह से आपका घरेलू डिश वॉश बनकर तैयार हो जाएगा। इससे बर्तन साफ करने के साथ-साथ उनमें से ताजगी भरी खुशबू भी आ सकती है।

फ्लोर क्लीनर

इस मिश्रण के दूसरे हिस्से में अगर 4 से 5 चम्मच सैनिटाइजर मिला देती हैं, तो यह फ्लोर क्लीनर बन जाएगा। इसको बोतल में भरकर रख लें और फर्श को साफ करने के लिए पानी की बाल्टी में एक ढक्कन डालें और पोंछा लगाएं।