अलग-अलग शहरों में रहकर बेहतर दोस्त बने Ramya Krishnan और Krishna Vamsi, झगड़े हुए कम

By Ek Baat Bata | Nov 16, 2026

फिल्म बाहुबली में राजमाता शिवगामी का रोल अदा करने वाली अभिनेत्री राम्या कृष्णन अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। बताया जा रहा था कि अभिनेत्री राम्या और उनके पति कृष्णा वामसी के रिश्ते में दरार आ चुकी है और दोनों अलग हो चुके हैं। हालांकि अब अभिनेत्री राम्या कृष्णन ने इन खबरों पर चुप्पी तोड़ी है। अभिनेत्री ने बताया कि दोनों आज भी शादीशुदा हैं, लेकिन काम के कारण अलग-अलग शहरों में रहते हैं।

पति से अलग शहर में रहती हैं एक्ट्रेस

राम्या कृष्णन ने बताया कि वह और उनके पति के अलग रहने की वजह उनका प्रोफेशन है। अभिनेत्री ने कहा, 'वह शादीशुदा हैं, लेकिन खुशी-खुशी दो अलग-अलग शहरों में रहते हैं, इसका कारण उनका काम है।' राम्या ने बताया कि जब वह टीवी सीरियल में काम कर रही थीं, तो उनकी फैमिली हैदराबाद में रहती थी। वहीं काम की वजह से उनको हर 15 दिन में चेन्नई जाना पड़ता था। बार-बार आने-जाने के कारण इसका असर उनके बेटे रित्विक पर पड़ने लगा।

राम्या ने बताया कि जब वह शहर से बाहर जाती थीं, तो उनका बेटा रित्विक बीमार पड़ जाता था। जिसके बाद राम्या ने अपने पति कृष्णा वामसी से बात की और दोनों ने बेटे का चेन्नई के स्कूल में एडमिशन कराया। बाद में धीरे-धीरे यह व्यवस्था उनके लिए आसान हो गई।

अलग रहकर बने बेहतर दोस्त

राम्या कृष्णन ने बताया कि अलग-अलग शहरों में रहने के कारण उनके रिश्ते में झगड़े भी कम हुए हैं। अभिनेत्री ने कहा, 'अब वह हर समय लड़ने की बजाय एक-दूसरे के बेहतर दोस्त बन गए हैं।' अभिनेत्री ने यह भी बताया कि शादी से पहले कृष्णा ने उनको बिना शादी किए साथ रहने को कहा था। इस पर एक्ट्रेस ने हंसते हुए कहा कि काश वह समय पर उनकी बात को मान लेती। राम्या कृष्णन और कृष्णा वामसी ने साल 2003 में शादी की थी। दोनों का एक बेटा रित्विक है और राम्या को फिल्म 'बाहुबली' में राजामाता शिवगामी के रोल ले काफी पहचान मिली थी।