By Ek Baat Bata | Nov 15, 2026
भारतीय महिला टेनिस को विश्व पटल पर नई पहचान दिलाने वाली स्टार खिलाड़ी सानिया मिर्जा 15 नवंबर को अपना 40वां जन्मदिन मना रही हैं। टेनिस कोर्ट पर दमदार फोरहैंड और आक्रामक खेल के लिए सानिया मिर्जा जानी जाती हैं। सानिया मिर्जा अपने दमदार खेल के अलावा पर्सनल लाइफ को लेकर भी काफी चर्चा में रही हैं। तो आइए जानते हैं उनके जन्मदिन के मौके पर स्टार खिलाड़ी सानिया मिर्जा के जीवन से जुड़ी कुछ रोचक बातों के बारे में...
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में 15 नवंबर 1986 को सानिया मिर्जा का जन्म हुआ था। वह एक हैदराबादी मुस्लिम परिवार से ताल्लुक रखती थी। उनके पिता का नाम इमरान मिर्जा था, जोकि पेशे से खेल पत्रकार थे। वहीं उनकी मां नसीमा प्रिंटिंग व्यवसाय से जुड़ी थी। सानिया के जन्म के कुछ समय बाद ही उनका परिवार हैदराबाद आकर बस गया और यहां से ही सानिया मिर्जा की पढ़ाई और परवरिश हुई।
पिता के मार्गदर्शन में सानिया मिर्जा का रुझान बचपन से ही खेलों की ओर हो गया था। उन्होंने महज 6 साल की छोटी उम्र में टेनिस रैकेट थाम लिया। शुरूआती दौर में उनके पिता ने ही उनको टेनिस की बारीकियां सिखाई। सानिया मिर्जा की लगन और मेहनत का नतीजा था कि उन्होंने कम उम्र में ही जूनियर स्तर पर कई बड़े खिताब अपने नाम किए।
साल 2003 में सानिया मिर्जा ने पेशेवर तरीके से टेनिस की दुनिया में कदम रखा था। इस साल सानिया ने विंबलडन गर्ल्स डबल्स का खिताब जीता और इतिहास रच दिया। सानिया यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनीं। फिर उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। स्टार खिलाड़ी सानिया मिर्जा ने अपने शानदार करियर में कुल 6 ग्रैंड स्लैम खिताब जीते हैं, जिनमें से 3 महिला डबल्स और 3 मिस्क्ड डबल्स खिताब शामिल हैं।
सानिया डबल्स रैंकिंग में दुनिया की नंबर-1 खिलाड़ी बनने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। वहीं उन्होंने सिंगल रैंकिंग में भी शीर्ष 30 में जगह बनाई थी, जोकि किसी भी भारतीय महिला खिलाड़ी के लिए एक बड़ा रिकॉर्ड है।
सानिया मिर्जा के खेल में अमूल्य योगदान के लिए भारत सरकार ने उनको पद्म श्री, अर्जुन पुरस्कार, राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार और पद्म भूषण जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया है।
सानिया मिर्जा ने हैदराबाद में 12 अप्रैल 2010 में पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शोएब मलिक से निकाह किया था। शादी के बाद सानिया और शोएब दोनों दुबई में बस गए थे। फिर साल 2018 में दोनों ने बेटे इजहान का वेलकम किया। वहीं बेटे के जन्म के करीब 5 साल बाद साल 2023 में सानिया और शोएब की राहें अलग हो गईं और दोनों ने तलाक ले लिया।