By Ek Baat Bata | Nov 12, 2026
बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर के भोपाल के शाही घराने से जुड़े एक ऐतिहासिक पेंडेंट को लेकर नया विवाद सामने आया है। इस ऐतिहासिक पेंडेंट पर कुरान की 'आयत-उल-कुर्सी' खुदी हुई है। सामाजिक कार्यकर्ता अब्बास हफीज और मुस्लिम समुदाय के कुछ सदस्यों ने अभिनेत्री के पेंडेंट पर आपत्ति जताई है और करीना को कानूनी नोटिस भेजा है। तो आइए जानते हैं कि पूरा मामला क्या है।
सामाजिक कार्यकर्ता अब्बास हफीज और मुस्लिम समुदाय के कुछ सदस्यों ने अभिनेत्री करीना कपूर खान के पेंडेंट पर आपत्ति जताई है और एक्ट्रेस को नोटिस भेजा है। दरअसल, दिवाली के मौके पर करीना कपूर खान शाही तरीके से तैयार हुई थीं। इस दौरान एक्ट्रेस ने डिजाइनर पुनीत बलाना का तैयार किया हुआ बेज रंग का कफ्तान पहना था। वहीं एक्ट्रेस ने मैचिंग पगड़ी पहनी थीं और इस पगड़ी में चार चांद लगाने के लिए करीना ने चमकदार कलगी लगाई थी।
यह वहीं कलगी थी, जिसको सैफ अली खान ने अपनी शादी के लिए खासतौर पर पहना था। करीना के पूरे लुक का सबसे आकर्षक हिस्सा 30 कैरेट का एमराल्ड जड़ा पेंडेंट रहा। इस पेंडेंट पर 'आयत-उल-कुर्सी' खुदी हुई थी।
बता दें कि 'आयत-उल-कुर्सी' पवित्र कुरान के दूसरे अध्याय 'सूरह अल-बकराह' की 255वीं आयात है। अभिनेत्री करीना कपूर ने जो पेंडेंट पहना था, वो मूल रूप से भोपाल की बेगम का था। जोकि अभिनेता सैफ अली खान से शादी के बाद करीना को मिला था। करीना की स्टाइलिस्ट रिया कपूर ने इसको खानदानी आभूषण बताया और इंस्टाग्राम पर लिखा, 'ये भोपाल के शाही परिवार की विरासत हैं, जो करीना के अपने हैं, यह चीजें करीना को सैफ के परिवार से मिली थीं और यह उनकी दादी साजिदा सुल्तान भोपाल के आखिरी नवाब की बेटी थीं।'