Parenting Tips: बच्चे को जल्दी बोलना सिखाने के लिए Parents घटाएं Screen Time और दें ठोस आहार

By Ek Baat Bata | Oct 26, 2026

हर पेरेंट्स की यह चाहत होती है कि उनका बच्चा समय पर बोलना सीखें, अपनी बात को ठीक तरह से कह पाए और लोगों की बातों को समझें। हालांकि कुछ बच्चे थोड़ा देर से बोलना शुरू करते हैं। जिस कारण माता-पिता को चिंता होने लगती है। ऐसे में अगर आप भी इन्हीं पेरेंट्स में से एक हैं, तो यह आर्टिकल आपके लिए है। क्योंकि आज इस आर्टिकल के जरिए हम आपको 4 ऐसी चीजों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन पर अगर पेरेंट्स ध्यान दें, तो उनका बच्चा जल्दी बोलना सीख सकता है।

बच्चे को टीवी और मोबाइल से रखें दूर

अगर आप चाहते हैं कि आपका बच्चा जल्दी बोलना सीखे, तो सबसे पहले उसको टीवी और फोन से दूर रखें। छोटे बच्चों के लिए स्क्रीन देखने की जगह दूसरों से बात करना ज्यादा जरूरी होता है। बच्चा दूसरों की आवाज, चेहरे और हावभाव को देखकर जल्दी सीखता है। इसलिए बच्चे को मोबाइल देने की जगह उसके साथ वक्त बिताएं, गेम्स खेलें और उसको आसपास की चीजों के बारे में बताएं।

बच्चे से छोटे-छोटे वाक्यों में करनी चाहिए बात

एक्सपर्ट की मानें, तो बच्चे धीरे-धीरे चीजों को सीखते हैं। इसलिए उनसे एकदम आसान भाषा और छोटे-छोटे वाक्यों में बात करना चाहिए। जैसे- मम्मी आ गईं, पानी पीना है, चलो बाहर चलते हैं  या गेंद दो आदि। इससे बच्चा इन छोटे-छोटे वाक्यों को जल्दी समझने लगता है।

बच्चे को रोजाना कहानियां सुनाएं

बच्चों को कहानियां सुनाने से उनकी याददाश्त तेज होती है। बच्चों चीजों को समझने के साथ-साथ नए-नए शब्दों को सुनता है। इससे बच्चे को जल्दी बोलने में मदद मिलती है। इसलिए रोजाना थोड़ा समय निकालकर बच्चे को अलग-अलग कहानियां सुनाएं।

बच्चे के खानपान पर दें ध्यान

बच्चे को उम्र के साथ चबाने वाला थोड़ा खाना खिलाना चाहिए यानी की ठोस आहार देना चाहिए। जब बच्चा खाने को चबाता है, तो इससे उसके जबड़े मजबूत होते हैं और मुंह की मांसपेशियों को भी काम करने का मौका मिलता है। इससे बच्चा जल्दी बोलना सीखता है।

इस तरह की कुछ छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देकर बच्चे को जल्दी बोलना सिखाया जा सकता है। साथ ही इससे बच्चे की भाषा भी बेहतर बनती है।