आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में हमारी डाइट और लाइफस्टाइल ऐसी हो गई है कि हर कोई किसी न किसी स्वास्थ्य समस्या से घिरा रहता है। आज कम समय में बहुत कम लोग ऐसे हैं, जोकि हेल्दी और फिट हैं। छोटी सी बीमारी होने पर हम सीधे दवा का सेवन करते हैं। लेकिन इस बात से अंजान रहते हैं कि इससे शरीर को कितना नुकसान हो रहा है। ज्यादा तबियत खराब होने पर दवा लेना सही होता है, लेकिन छोटी-छोटी चीजें जैसे- हल्का पेट दर्द, सर्दी-जुकाम के लिए सीधे दवा खाना सही नहीं है।
पहले के समय में छोटी-मोटी बीमारियों के लिए घरेलू नुस्खे अपनाए जाते हैं। लेकिन यह नुस्खे आज भी बड़े कारगर हैं। ऐसे में आज इस आर्टिकल के जरिए हम आपको दादी-नानी के कुछ ऐसे नुस्खों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो छोटी-मोटी बीमारियों के लिए रामबाण इलाज है।
उल्टी
अगर आपको भी उल्टी की समस्या है, तो एक चम्मच शहद और आधे नींबू के रस को एक गिलास गुनगुने पानी में मिलाकर पीने से उल्टी रुकती है। वहीं सौंफ खाने से भी उल्टी रुक सकती है। पानी में अदरक का रस मिलाकर पीने से या फिर स्मेल करने से उल्टी की समस्या खत्म हो सकती है।
पेट दर्द
अगर आपको पेट दर्द परेशान कर रहा है, तो आप एक छोटे से अदरक के टुकड़े पर नमक लगाकर चबाएं। इससे आपको पेट दर्द में राहत मिल सकती है। इसके अलावा आंवले के पाउडर को आंवला हरड़ में मिलाकर एक चम्मच गुनगुने पानी के साथ सेवन करने से पेट दर्द में आराम मिल सकता है। पेट दर्द होने पर गुनगुने पानी से अजवाइन का सेवन करना चाहिए।
चक्कर आना
चक्कर आने की समस्या में सौंफ कारगर होती है। सौंफ में एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी प्रॉपर्टीज पाई जाती है। जोकि चक्कर आने में राहत दे सकता है। वहीं एक गिलास गर्म पानी में आधा नींबू का रस और एक चम्मच शहद मिलाकर पीने से भी चक्कर आने की समस्या से आराम मिलता है।
दस्त
अगर आपको लगातार दस्त आ रहे हैं, तो अदरक का रस निकालकर शहद के साथ मिलाकर पीना चाहिए। इससे आपको आराम मिलेगा। दस्त आने पर पुदीना के पत्ते को पानी में उबालकर पीना चाहिए। आप चाहें तो यह समस्या होने पर 1 केला सुबह और दोपहर में खा सकते हैं।
पेट से जुड़ी अन्य समस्याएं
अगर आपको अन्य पेट से जुड़ी समस्याएं होती हैं, जैसे - अपच और कब्ज आदि में एक चम्मच अजवाइन को रातभर के लिए पानी में भिगोकर रख दें। वहीं अगली सुबह इसको छानकर पिएं। इससे गैस और एसिडिटी में फायदा मिलता है। वहीं हरी चाय में तुलसी और अदरक का रस मिलाकर पीने से पेट से जुड़ी अन्य समस्याएं भी दूर हो सकती हैं।