Pregnancy Itching: प्रेग्नेंसी में खुजली से राहत पाने के लिए अपनाएं ये टिप्स, जल्द मिलेगा आराम
By Ek Baat Bata | Jun 18, 2024
प्रेग्नेंट होना हर महिला के लिए किसी हसीन पल जैसा होता है। हालांकि प्रेग्नेंसी का समय अपने साथ कई मुश्किलें लेकर भी आता है। इस दौरान महिलाओं के शरीर में कई तरह के बदलाव होते हैं। जिसके कारण महिलाओं को कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। बता दें कि गर्भावस्था के दौरान कई महिलाओं को खुजली की समस्या होने लगती है। वहीं प्रेग्नेंसी में वजन बढ़ना भी खुजली का कारण हो सकता है।
हेल्थ एक्सपर्ट की मानें, तो प्रेग्नेंसी में गंभीर खुजली का कारण कोई मेडिकल समस्या से भी जुड़ी हो सकती है। लेकिन आप खुजली की समस्या को घरेलू नुस्खों से भी कर सकती हैं। ऐसे में अगर आप भी प्रेग्नेंट हैं औऱ आपको भी खुजली की समस्या होती है। तो यह आर्टिकल आपके लिए है। आज इस आर्टिकल के जरिए हम आपको कुछ घरेलू नुस्खों के बारे में बताने जा रहे हैं। जिनकी मदद से आप प्रेग्नेंसी में खुजली की समस्या को दूर कर सकती हैं।
ओटमील
इसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं, जो त्वचा की खुजली और सूजन से राहत देने का काम करता है। ओट्स में एंटी-ऑक्सीडेंट्स कंपाउंड होते हैं, जिससे स्किन को आराम मिलता है। खुजली की समस्या से राहत पाने के लिए ओटमील को पानी के टब में मिक्स कर दें। फिर आप टब में करीब 20 मिनट तक रहें। इससे खुजली की समस्या से आराम मिलेगा।
नारियल तेल
खुजली की समस्या को दूर करने में नारियल तेल भी रामबाण उपाय है। नारियल तेल में मौजूद रिक एसिड एक प्रभावी एंटी-इंफ्लेमेटरी के रूप में काम करता है। वहीं यह एक नेचुरल मॉइस्चराइजर भी है। जो ड्राई स्किन, सोरायसिस और एक्जिमा को रोकता है। आपको जहां पर खुजली हो रही है, वहां पर नारियल तेल अप्लाई करें, रातभर इसे लगा रहने दें और फिर सुबह धो दें। इससे आपको खुजली से राहत मिलेगी।
नींबू का रस
खुजली दूर करने के लिए नींबू का रस भी बेहद फायदेमंद है। क्योंकि इसमें सिट्रिक एसिड और एसिडिक नेचर के कारण यह त्वचा के pH लेवल को बैलेंस करता है। पानी में नींबू का रस मिक्स करके खुजली वाली जगह पर अप्लाई करें। फिर 30 मिनट बाद धो लें। इससे भी आपको खुजली से राहत मिलेगी। इसके अलावा आप खुजली वाली जगह पर एलोवेरा जेल भी अप्लाई कर सकती हैं। इससे भी आपको आराम मिलेगा।