नॉर्मल डिलीवरी चाहती हैं तो प्रेगनेंसी के नौवें महीने में डाइट में शामिल करें ये चीज़ें

By Ek Baat Bata | Dec 09, 2020

एक महिला अपनी पूरी प्रेगनेंसी के दौरान कई सपने संजोती है। माँ बनने का एहसास और आने वाले बच्चे के ख्याल से उसका मन खुशी से भर उठता है। प्रेगनेंसी का नौवां महीना बाकी सभी महीनों से अलग और नाजुक माना जाता है। इस दौरान एक प्रेगनेंट महिला को अपना खास ख्याल रखने की जरूरत होती है। आजकल की लाइफस्टाइल और खानपान के कारण अक्सर डिलीवरी में कॉम्प्लीकेशन्स का सामना करना पड़ता है। इसलिए प्रेगनेंसी के नौवें महीने में यह बेहद जरूरी है कि आप सही डाइट लें। खाने की ऐसी कई चीज़ें हैं जिससे आपको नॉर्मल डिलीवरी में मदद मिल सकती है। ये चीज़ें दादी-नानी के जमाने से प्रेगनेंट महिलाओं को खिलाई जाती हैं। आइए जानते हैं कि ऐसी कौन सी खाने की चीज़ें हैं जिनसे नॉर्मल डिलीवरी में मदद मिल सकती हैं -    
 
हल्‍दी
अगर आप नॉर्मल डिलीवरी चाहती हैं तो प्रेगनेंसी के नौवें महीने में हल्‍दी का सेवन करना आपके लिए बहुत फायदेमंद साबित हो सकता है। नौवें महीने में आपको कॉन्ट्रैक्शन महसूस हो सकते हैं। नौवें महीने में पेल्विक हिस्‍से में, कमर में और कूल्‍हों दर्द रह सकता है। ऐसे में हल्दी के दर्द निवारक गुण दर्द कम करने में मदद करते हैं। नौवें महीने में रोज़ाना रात को दूध में हल्‍दी मिलाकर पीना आपके लिए फायदेमंद होगा।
 

इसे भी पढ़ें: प्रेगनेंसी में एनीमिया से होने वाले बच्चे के स्वास्थ्य पर पड़ता है बुरा असर, हो सकती हैं ये गंभीर समस्याएँ


अदरक और लहसुन
नौवें महीने में प्रेगनेंट महिलाओं के लिए अदरक और लहसुन खाना भी बहुत फायदेमंद होता है। आप चाहें तो अदरक की चाय बनाकर पी सकते हैं या अदरक को पानी में डालकर उबाल कर पी सकते हैं। इसके साथ ही रोजाना लहसुन का सेवन भी नॉर्मल डिलीवरी लिए बहुत फायदेमंद हो सकता है। नियमित रूप से लहसुन की दो कलियां खाली पेट खाने से कई बीमारियाँ दूर हो सकती हैं। इसके साथ ही प्रेगनेंसी में लहसुन खाने से सर्विक्‍स खुलने में भी मदद मिलती है। आप खाने में भी लहसुन का इस्‍तेमाल कर सकती हैं।

अजवाइन के लड्डू
अजवाइन गर्म होती है और शरीर को अंदर से गर्मी प्रदान कर नॉर्मल डिलीवरी के लिए शरीर को तैयार करती है। प्रेगनेंसी के दौरान ही नहीं बल्कि डिलीवरी के बाद भी अजवाइन का सेवन बहुत फायदेमंद होता है। आप अजवाइन को पानी में उबालकर इस पानी का सेवन करें। इसके अलावा आप अजवाइन से बने  लड्डू का सेवन कर सकती हैं, इससे शरीर को ताकत मिलती है।

गुनगुना पानी
प्रेग्‍नेंसी में आपको खूब पानी पीना चाहिए ताकि शरीर में पानी की कमी ना हो। अगर आप गुनगुना पानी पिएँ तो और भी ज्‍यादा फायदेमंद होता है। इससे  मांसपेशियों का तनाव दूर होगा और डिलीवरी में ज़्यादा दिक्कत नहीं होती है। वहीं, ठंडा पानी या ठंडी चीजें खाने से मांसपेशियां सिकुड़ सकती हैं इसलिए बेहतर होगा कि आप प्रेगनेंसी में हल्‍की गर्म चीजें ही खाएं और गुनगुना पानी पिएँ।

खजूर
खजूर हमारी सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है। प्रेगनेंसी के नौवें महीने में खजूर खाने से आपको नॉर्मल डिलीवरी में मदद मिल सकती है। आप रोजाना कुछ खजूर खा सकती हैं। आप चाहें तो दूध में खजूर उबालकर भी पी सकती हैं या गर्म दूध के साथ भी खजूर खा सकती हैं।

दूध के साथ घी
प्रेगनेंसी के दौरान दूध और घी का सेवन बहुत फायदेमंद माना जाता है। नौवें महीने में दूध में घी डालकर पीने का नुस्खा दादी-नानी के जमाने से चला आ रहा है। कहते हैं कि इससे बच्‍चेदानी और गर्भाशय चिकना हो जाता है जिससे नॉर्मल डिलीवरी में मदद मिलती है। हालांकि, घी के सेवन से वजन तेजी से बढ़ सकता है इसलिए अगर आपका वजन पहले से ही ज़्यादा है तो घी का सेवन कम करें।