गंदगी और नमी वाली जगहों पर कॉकरोच सबसे ज्यादा पनपते हैं। किचन गीला रहता है, घर में कहीं पानी जमा रहता है या खाने के टुकड़े खुले पड़े रहते हैं। तो कॉकरोच तेजी से बढ़ने लगते हैं। वहीं गर्मियों में कॉकरोच का खतरा ज्यादा बढ़ जाता है। क्योंकि गर्मियों में नमी और गर्म वातावरण इनको तेजी से फैलने में मदद करता है। यही कारण है कि कई घरों में रात के समय बहुत ज्यादा कॉकरोच दिखने लगते हैं।
हालांकि बहुत कम लोग जानते हैं कि कॉकरोच सिर्फ गंदगी नहीं फैलाते हैं, बल्कि कई तरह की बीमारियों की वजह बनते हैं। यह गंदे पाइप, नालियों और कूड़े के आसपास घूमते हैं और फिर खाने और बर्तनों पर चढ़ते हैं। जिससे दस्त, पेटदर्द, एलर्जी, फूड पॉइजनिंग और अस्थमा जैसी बीमारियां हो सकती हैं।
अपनाएं ये उपाय
अगर आप भी कॉकरोच से छुटकारा पाना चाहते हैं, तो बोरिस एसिड का उपाय काफी असरदार माना जाता है। बोरिक एसिड मेडिकल स्टोर पर आसानी से मिल जाता है। इसका लंबे समय से इस्तेमाल किया जा रहा है। थोड़ा बोरिक एसिड में आटा और चीनी मिलाकर छोटी-छोटी गोलियां बना लें। फिर इन गोलियों को सिंक के नीचे, किचन के कोनों, गैस के पीछे और उन जगहों पर रखें, जहां पर ज्यादा कॉकरोच ज्यादा आते हैं। चीनी के कारण कॉकरोच इसकी ओर खिंचे चले आते हैं और इसको खाने के बाद कॉकरोच धीरे-धीरे खत्म होने लगते हैं।
इसके अलावा लौंग, नीम का तेल और पुदीने की खुशबू भी कॉकरोच को दूर रखने में मदद करती है। कॉकरोच तेज खुशबू पसंद नहीं करते हैं। ऐसे में पोंछा लगाने वाले पानी में नीम या पुदीने के तेल की कुछ बूंदें डालने से काफी फायदा मिलेगा। कई लोग रात में कॉटन पर पुदीने का तेल लगाकर किचन के कोनों में रखते हैं। जिससे धीरे-धीरे कॉकरोच खत्म होने लगते हैं। यह तरीका भी आसान है और घर में अच्छी खुशबू भी बनाए रखता है।
अगर घरेलू उपायों को करने के बाद भी कॉकरोच कम नहीं हो रहे हैं, तो पेस्ट कंट्रोल करावाना बेहतर ऑप्शन हो सकता है। कई बार दीवारों और पाइप के अंदर कॉकरोच अंडे दे देते हैं। जिससे उनकी संख्या तेजी से बढ़ी रहती है। इस स्थिति में प्रोफेशनल सफाई ज्यादा असरदार होती है।