सर्दियों में घर पर बनाएं गाजर और चुकंदर की कांजी, सेहत को मिलेंगे कई फायदे, पढ़ें आसान रेसिपी

By Ek Baat Bata | Jan 25, 2022

गाजर और चुकंदर की कांजी ना केवल स्वाद में अच्छी होती है बल्कि हमारी सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होती है। इसमें गाजर और चुकंदर के साथ कई मसाले इस्तेमाल किए जाते हैं जो हमारे पाचन तंत्र को मजबूत बनाते हैं। सर्दियों के मौसम में गाजर और चुकंदर की कांजी पीने से इम्यूनिटी मजबूत होती है और बीमारियों से बचाव होता है। इतना ही नहीं, इसे पीने से वजन घटाने में भी मदद मिलती है। आज के इस लेख में हम आपको गाजर और चुकंदर के कांजी बनाने की रेसिपी बताने जा रहे हैं -

गाजर और चुकंदर की कांजी  बनाने की सामग्री 
5-6 गाजर
2 चुकंदर
3 लीटर उबला हुआ पानी
1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
2 चम्मच सरसों का पाउडर
5 चम्मच राई पाउडर
स्वाद अनुसार काला नमक

गाजर और चुकंदर की कांजी बनाने की विधि 
गाजर और चुकंदर की कांजी बनाने के लिए सबसे पहले गाजर को छीलकर पतले पतले टुकड़ों में काट लें। गाजर काटते समय बीच का हिस्सा निकालकर अलग रख दें।

अब चुकंदर को छील कर इसे भी पतले पतले टुकड़ों में काट लें।

अब एक कांच या चीनी मिट्टी के जार में पानी भरें। इसके बाद इसमें गाजर और चुकंदर के टुकड़ों के साथ नमक, लाल मिर्च पाउडर, सरसों का पाउडर, काला नमक और राई पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं।

कांजी को फर्मेंट करने के लिए इस जार को ढक्कन से कवर करके लगभग 5 दिनों के लिए धूप में रखें। इस जार को हर 1 से 2 दिन में हिलाएं।

4 से 5 दिनों के बाद आप की कांजी बनकर तैयार है। इसे एक कांच के गिलास में निकाल कर सर्व करें।