प्यार एक ऐसा एहसास है, जिसको शब्दों में पिरोपाना काफी मुश्किल होता है। किसी की हंसी पर दिल धड़कने लगे या किसी की एक झलक से पूरी दुनिया रंगीन लगने लगे। हालांकि यह सब फिल्मों में अच्छा लगता है। लेकिन क्या असल जिंदगी में भी इतनी आसानी से और जल्दी प्यार हो जाता सही है। आजकल की तेज रफ्तार जिंदगी में इंस्टेंट कॉफी की तरह इंस्टेंट कनेक्शन और इंस्टेंट रिश्तों का ट्रेंड चल रहा है। कुछ मुलाकातें, चैट्स और फिर सोशल मीडिया पर रिलेशनशिप का ऐलान। लेकिन क्या जल्दबाजी वाला प्यार लंबे समय तक टिकता है।
खुद को जानना है जरूरी
किसी भी रिलेशनशिप में जाने से पहले खुद को समझना काफी जरूरी है। आप क्या चाहते हैं और आपको कैसा जीवनसाथी चाहिए। क्या आप किसी रिश्ते के लिए तैयार हैं, या सिर्फ भावनात्मक सहारे की तलाश में है। जब आप खुद को अच्छे से जान व समझ लेंगे, तब आप सही इंसान चुनने में सक्षम होते हैं।
सामने वाले को समय दें
प्यार में जल्दबाजी से अक्सर रिश्ते कमजोर पड़ जाते हैं। किसी को जानने में समय लगता है। आपके सामने उसकी आदतें, सोच, व्यवहार यह सब धीरे-धीरे सामने आता है। इसलिए किसी भी रिश्ते में कूदने से पहले थोड़ा सा समय देना चाहिए। जिससे कि आप तय कर सकें कि यह रिश्ता आपकी जिंदगी में पॉजिटिव बदलाव लाएगा या नहीं।
जीवन के लक्ष्य
प्यार के अलावा भी रिश्ते को चलाने के लिए कई बातें बेहद जरूरी होती हैं। जैसे फैमिली वैल्यूज, करियर गोल्स, जिंदगी जीने का तरीका और भविष्य के लिए सोच आदि। अगर इन मामलों में आप दोनों के बीच तालमेल नहीं है, तो यह रिश्ता लंबे समय तक नहीं टिकेगा। इसलिए सिर्फ दिल से नहीं बल्कि दिमाग से भी मूल्यांकन करें। क्या आप दोनों का जीवन एक दिशा में जा सकता है।
जल्दबाजी नहीं समझदारी से लें काम
बता दें कि हर मीठी शुरूआत लंबा साथ नहीं देती है। इसलिए किसी भी रिश्ते में जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए। पहले धीरे-धीरे किसी को जानें, दोस्ती करें और फिर पूरी समझदारी के साथ रिश्ते में आगे बढ़ें। ऐसा करने से न सिर्फ आपका रिश्ता मजबूत होगा, बल्कि आप खुद का अनावश्यक दिल टूटने से भी बचा पाएंगे।