अगर आप हाल फिलहाल में किसी नयी रिलेशनशिप में आयीं हैं तो इन 5 बातों का जरूर रखें ध्यान

By Ek Baat Bata | Apr 16, 2020

जब हम किसी के साथ एक नए रिश्ते या संबंध की शुरुआत करते हैं तो वह रिश्ता खुशी, जुनून और उत्साह से भरा हुआ होता है। हम एक ऐसे व्यक्ति के साथ संबंध में आए हैं जिसके बारे में हमें नहीं पता, उसे क्या पसंद है क्या नहीं पसंद है, किन बातों से वह चिढ़ जायेगा या उसे किन बातों से खुशी मिलेगी, उसका व्यवहार कैसा है यह सारी चीजें हमें नहीं पता होतीं। हर कोई चाहेगा कि उसका यह रिश्ता लंबे समय तक रहे ना कि कुछ दिनों और महीनों का। नया रिश्ता जितना उत्साह से भरा होता है उससे कहीं ज्यादा उसमें चुनौतियां होती हैं।

एक नए रिश्ते को बनने में, एक दूसरे को समझने में थोड़ा समय लगता है। उसमें हमें कुछ सावधानियां बरतनी पड़ती हैं। कुछ बातों का ख्याल रखना होता है। आज हम आपको आपके नए रिश्ते से संबंधित कुछ महत्वपूर्ण बातों के बारे में बताएंगे जिसका आपको विशेष ध्यान रखना है।

1. अपने वास्तविक स्वभाव को बनाए रखिए
जब आप किसी के साथ अपने नए रिश्ते की शुरुआत करते हैं, तो आप हमेशा अपने को उसके रंग में डालने की कोशिश करते हैं। अपने वास्तविक व्यवहार से हटके काम करते हैं। ऐसा मत करिए जो आपका वास्तविक व्यवहार है वही रखिए। अगर आप दूसरे को खुश करने के लिए उसके मुताबिक काम करेंगे तो कहीं ना कहीं आप अपनी असलियत उससे छुपा रहे हैं।

2. बहुत तेज ना चलें
जब आप एक नए संबंध में आते हैं तो दोनों एक दूसरे को जल्द से जल्द समझना चाहते हैं। एक दूसरे के बारे में जानना चाहते हैं, एक-दूसरे के साथ घंटों फोन पर बातें करने में बिता देते हैं। अपने भविष्य से जुड़े कई फैसले लेने लगते हैं, ऐसा नहीं करना चाहिए। आपके रिश्ते में एक गहराई और ठहराव होना चाहिए। सोच समझकर फैसले लीजिए जल्दबाजी ना कीजिए। यदि आप जल्दबाजी दिखाएंगे तो आपका यह रिश्ता ज्यादा लंबे समय तक नहीं चल पाएगा।

3. ज्यादा चिपकू मत हो जाइए
ऐसा माना जाता है जब नए रिश्ते बनते हैं तो एक दूसरे के प्रति प्यार, संवेदना, सब कुछ लुटाने और तुम ही तुम जैसे ख्याल मन में आने लगते हैं और यह स्वभाविक है। लेकिन आपको अपनी इन उमड़ती भावनाओं को नियंत्रित करना है। ऐसा नहीं होना चाहिए कि आप दिन भर उसी से बात कर रहे हैं, चैटिंग कर रहे हैं। बाकी सब कुछ भूल गए हैं। इससे दूसरे को थोड़ा अजीब लगेगा। ऐसा करके आप उसे खुश करने के बजाय उसे परेशान कर रहे हैं।

4. अपने नए साथी की तुलना पुराने से ना करें
कभी भी अपने पुराने रिश्ते की तुलना अपने नए रिश्ते से मत कीजिए मतलब दोनों व्यक्तियों की आपस में तुलना मत कीजिए। ऐसा करने से आप अपने नए रिश्ते में ही फूट डाल रहे हैं। हर व्यक्ति एक जैसा नहीं होता, हर किसी का अपना अपना स्वभाव है। यदि आप ऐसा कर रहे हैं तो इसका मतलब यह है कि आप अभी अपने पुराने रिश्ते से पूरी तरीके से बाहर नहीं निकल पाए हैं। कहीं ना कहीं आप अभी भी उसी दौर में फंसे हैं।

5. दिमागी खेल मत खेलिए
एक सच्चे, मजबूत और सफल रिश्ते की पहली पहचान होती है सच्चाई और भरोसा। एक दूसरे पर विश्वसनीयता सबसे बड़ी चीज होती है। यदि आप एक-दूसरे से बात नहीं कर रहे हैं, उसे कहीं ना कहीं अनदेखा कर रहे हैं या यह सब इसलिए कर रहे हैं क्योंकि आप यह देखना चाहते हैं कि वह आपसे कितना प्यार करता है तो यह गलत है। ऐसा करने से आप अपने रिश्ते में संदेह की भावना ला रहे हैं और कहीं ना कहीं उसे धोखा दे रहे हैं।