बच्चा होने के बाद पति-पत्नी के बीच आते हैं ये बदलाव

By Ek Baat Bata | May 25, 2021

शादी के बाद माता-पिता बनने का एहसास एक कपल के लिए बहुत खास होता है। बच्चे के जन्म के बाद एक कपल की जिंदगी बदल जाती है। नन्हे मेहमान के आने की खुशी के साथ साथ पति-पत्नी के लिए जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती है। कई कपल्स इन बदलावों को संभाल नहीं पाते हैं जिसकी वजह से अक्सर पति- पत्नी के बीच झगड़े बढ़ जाते हैं। ऐसे में बेहतर है कि एक कपल पहले से ही इस नई जिम्मेदारी के लिए मानसिक रूप से तैयार हो जाए। आज के इस लेख में   हम आपको बताएंगे कि बच्चा होने के बाद एक कपल की जिंदगी में क्या बदलाव आते हैं -

बढ़ जाती हैं जिम्मेदारियां
बच्चा पैदा होने के बाद एक कपल के लिए जिम्मेदारियां बढ़ जाती हैं। जहां पहले आपके पास सिर्फ घर की जिम्मेदारियां थीं, वहीं बच्चा होने के बाद उसके पालन-पोषण की जिम्मेदारी भी आ जाती है। बच्चे को सुलाना, नहलाना और उसकी देखभाल करने के बीच कपल्स को खुद के लिए समय नहीं मिल पाता है। ऐसे में कई बार कपल्स इन नई जिम्मेदारियों के दबाव में आकर परेशान हो जाते हैं जिसकी वजह से उनके बीच झगड़े होने लगते हैं। ऐसे में बहुत जरूरी है कि आप दोनों एक दूसरे का ख्याल रखें और यह समझने की कोशिश करें कि यह बदलाव आप दोनों की ही जिंदगी में आया है। अगर आप और आपके पार्टनर एक दूसरे की भावनाओं को समझने की कोशिश करेंगे तो आपके बीच झगड़े कम होंगे।

एक दूसरे के लिए समय नहीं मिल पाता
आपने लोगों को अक्सर यह कहते सुना होगा कि बच्चा होने के बाद पति-पत्नी की जिंदगी पूरी तरह बदल जाती है। दरअसल बच्चा होने के बाद पति-पत्नी को एक दूसरे के लिए समय नहीं मिल पाता है। जहां पहले दोनों एक-दूसरे के साथ समय बिताते थे, वहीं बच्चा होने के बाद उन्हें वह समय नहीं मिल पाता है। आपका ज्यादातर समय बच्चे की देखभाल में जाता है। इस वजह से कई बार पति-पत्नी के बीच दूरियां आनी शुरू हो जाती हैं। ऐसे में आपको अपना दिन इस तरह से प्लान करना चाहिए कि आप दोनों को कुछ समय साथ में मिल पाए। जब बच्चा सो रहा हो तो आप दोनों साथ में क्वालिटी टाइम बता सकते हैं।

खर्चे बढ़ने से होता है स्ट्रेस
बच्चे के पैदा होने के बाद कई बार कपल्स बढ़ते खर्चों को लेकर भी परेशान रहते हैं। परिवार बढ़ने के साथ खर्चे बढ़ना लाजमी है, लेकिन इसके चलते कई कपल्स स्ट्रेस लेने लगते हैं। कई लोग अपने पार्टनर इस बारे में खुलकर बात नहीं करते हैं जिसके कारण कभी-कभी वह फ्रस्ट्रेशन में अपने साथी को उल्टा सीधा सुना देते हैं। ऐसे में बेहतर है कि आप अपनी परेशानियों को अपने पार्टनर के साथ शेयर करें। हर कपल को यह समझना चाहिए कि बच्चा पैदा होने के बाद खर्चे बढ़ते हैं। इसलिए आपको प्रेगनेंसी प्लान करने से पहले ही सेविंग शुरू कर देनी चाहिए।