Kitchen Tile Cleaning: रसोई की टाइल्स पर लगी चिकनाई और जिद्दी दाग मिनटों में होंगे साफ, अपनाएं ये नुस्खे

By Ek Baat Bata | Dec 17, 2025

किचन घर की एक ऐसी जगह होती है, जिसका दिनभर में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होता है। वहीं घर की रसोई में रोजाना खाना पकता है। ऐसे में किचन का गंदा होना लाजमी है। लेकिन सबसे ज्यादा गंदे रसोई के टाइल्स होते हैं। इस पर तेल के दाग-धब्बे लग जाते हैं, जिनको साफ करना काफी मुश्किल होता है।
 
वहीं फ्लोर और टाइल्स पर सरसों के तेल की चिपचिपाहट काफी ज्यादा इरिटेट करती हैं। इनकी सफाई के लिए महिलाएं तरह-तरह के उपाय करती हैं। लेकिन इसके बाद भी चिकनाई पूरी तरह से नहीं हट पाती है। लेकिन आज इस आर्टिकल के जरिए हम आपको कुछ ऐसे नुस्खों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनकी मदद से आप आसानी रसोई की टाइल्स को आसानी से साफ कर सकती हैं।

बेकिंग सोडा और पानी

बेकिंग सोडा तेल को सोखने का काम करता है। ऐसे में चिकनाई हटाने के लिए आप बेकिंग सोडा का इस्तेमाल कर सकती हैं। इसके लिए थोड़ा सा बेकिंग सोडा लें और इसमें इतना पानी मिलाएं कि यह एक गाढ़ा पेस्ट बन जाए। अब इस पेस्ट को सीधे तौर पर दागों पर लगाएं और 5-10 मिनट के लिए ऐसे छोड़ दें। फिर एक मुलायम स्पंज या स्क्रब ब्रश की इस्तेमाल से इसको रगड़ें और फिर पानी से धो लें। इस तरह से चिकनाई और दाग आसानी से हट जाएंगे।

सिरका और गरम पानी का घोल

बता दें कि सिरका एक नेचुरल क्लीनर है। इसके इस्तेमाल के लिए एक स्प्रे बोतल में बराबर मात्रा में गरम पानी और सफेद सिरका मिलाएं। अब इस घोल को दागों पर स्प्रे करें और 5 मिनट तक दागों पर लगा रहने दें। अब स्पंज या कपड़े की मदद से इसको पोंछ लें। वहीं जिद्दी दागों के लिए पहले थोड़ा सा बेकिंग सोडा छिड़कर फिर सिरके का घोल डालें। ऐसा करने से मिनटों में दाग निकल जाएंगे।

डिश सोप और गरम पानी

तेल और ग्रीस को काटने के लिए ही बर्तन धोने का साबुन विशेष रूप से बनाया गया है। ऐसे में एक कटोरी गरम पानी में डिश सोप की कुछ बूंदे मिलाएं। फिर स्पंज या फिर कपड़े को इस घोल में भिगोएं और दागों पर धीरे-धीरे रगड़ें। इस तरह से आसानी से सारे दाग निकल जाएंगे।

नींबू का रस और नमक

नींबू के रस का एसिड और नमक का रगड़ने वाला नेचर मिलकर दाग को आसानी से हटाते हैं। इसके इस्तेमाल के लिए दागों पर थोड़ा सा नमक लगाएं और फिर आधा कटा हुआ नींबू लेकर उसको दाग वाली जगह पर रगड़ें। कुछ देर बाद इस जगह को गरम पानी से धोकर साफ कर लें।