By Ek Baat Bata | Sep 18, 2026
किचन की सफाई सिर्फ किचन काउंटर या स्लैप तक ही सीमित नहीं होती है। बल्कि इसके साथ-साथ किचन की दीवारों पर लगे टाइल्स को भी साफ रखना जरूरी होता है। खाना बनाने के दौरान मसालों के दाग, तेल के छींटे, धूल और गंदगी टाइल्स पर जमने लगते हैं, जिस कारण टाइल्स की चमक फीकी पड़ जाती है। वहीं टाइल्स पर पीलापन दिखने लगता है। किचन में मैट फिनिश वाली टाइल्स हों या ग्लॉसी टाइल्स हों, हर एक टाइल के लिए नियमित सफाई जरूरी होती है। ऐसे में आज इस आर्टिकल के जरिए हम आपको 4 ऐसे हैक्स बताने जा रहे हैं, जिनको अपनाने से किचन की टाइल्स नई जैसी चमकने लगेंगी।
किचन की टाइल्स में पीलापन आ गया है, तो सिरके और पानी की मात्रा को बराबर मिलाकर एक घोल तैयार करें। फिर एक स्प्रे बोतल में इसको भरें और किचन की गंदी टाइल्स पर छिड़कें। कुछ देर के लिए टाइल्स को ऐसे ही छोड़ दें औऱ फिर साफ पानी से साफ करें। इससे जिद्दी दाग, तेल-मसाले के दाग और पीलापन गायब हो जाएगा।
जिद्दी दागों को हटाने में बेकिंग सोडा काफी कारगर माना जाता है। किचन की टाइल्स पर लगे तेल, मसालों और गंदगी के पुराने दागों को साफ करने के लिए पानी में बेकिंग सोडा मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें। फिर इसको दाग वाली जगह पर लगाकर 10 मिनट के लिए छोड़ दें। अब मुलायम ब्रश या स्पंज की मदद से हल्के हाथों से रगड़ें और साफ पानी से धो दें। इससे टाइल्स नई जैसी चमकने लगेंगी।
कई बार टाइल्स से ज्यादा उनके बीच की लाइनें गंदी दिखने लगती हैं, जिससे रसोई का लुक फीका लगने लगता है। ऐसे में ग्राउट को साफ करने के लिए पुराने टूथब्रथ पर टूथपेस्ट लगाएं और इसको ग्राउट पर हल्के हाथों से रगड़ें। इसे टाइल्स के बीच की गंदगी साफ हो जाएगी।
किचन की गंदी टाइल्स को साफ करने के लिए नींबू का रस उपयोगी है। एक साफ कपड़े को ताजे नींबू के रस में भिगोकर टाइल्स को अच्छे से पोंछें। फिर कुछ मिनटों के बाद साफ पानी से टाइल्स को साफ कर दें। इससे न सिर्फ हल्दी गंदगी साफ होगी, बल्कि टाइल्स पर नेचुरल चमक देखने को मिलेगी।