कमरे को देना चाहते हैं क्लासी लुक तो फॉलो करें ये ट्रेंडिंग डेकॉर आईडियाज़

By Ek Baat Bata | Sep 13, 2021

दुनिया में घर जैसा सुकून कहीं और नहीं मिलता। घर आपके सपनों का संसार होता है, जिन्हें आप अपने अपनों के साथ जीते हैं। हर किसी को अपने घर और उससे जुड़ी हर चीज़ से लगाव होता है। हर कोई चाहता है कि वह अपना आशियाना ऐसे सजाए कि लोग देखते रह जाएं। अगर आप भी अपने घर को नया लुक देने के बारे में सोच रहे हैं तो आज का लेख जरूर पढ़ें। आज के इस लेख में हम आपको कुछ ट्रेंडिंग होम डेकॉर आइडियाज बताने जा रहे हैं - 
 
कमरे की दीवारों पर बड़े-बड़े वॉल डिज़ाइन और कलरफुल पेंट करने से बचें। इसकी जगह सिंपल और सॉलिड कलर का इस्तेमाल करें। दीवारों को पेंट करने के लिए हल्के रंग का इस्तेमाल करें इससे कमरा खुला-खुला और बड़ा भी दिखेगा। आप चाहें तो हल्के पीले, लैवेंडर, हल्के हरे या सफेद कलर से दीवारों को पेंट कर सकते हैं। 

कमरे में मोटे और भारी भरकम पर्दों की बजाय कॉटन के सफेद पर्दे लगाएं। इससे रोशनी और हवा आएगी और कमरे को फ्रेश लुक मिलेगा। आप चाहें तो शिमरी या सी-थरु पर्दों का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। कमरे की दीवार से मैच करते हुए रंग के पर्दों से अपने कमरे को और भी ज़्यादा खूबसूरत बना सकते हैं। 

अपने रूम को सजाने के लिए आप सफेद रंग या दीवार के मैच करते हुए रंग के छोटे-छोटे फोटो फ्रेम लगा सकते हैं। अपनी और अपने करीबी लोगों की फोटो दीवार पर सजाएं जिससे आपकी यादें फिर से ताज़ा हो जाएंगी। कमरे की दीवारों पर लगे फोटो फ्रेम आपके कमरे के आकर्षित बना देंगे। 

क्या आपने कभी नोटिस किया होगा कि होटल में बेडशीट और तकिया हमेशा सफ़ेद कलर का ही क्यों होता है? दरअसल, सफेद रंग की बेडशीट और पिलो देखने में तो सुंदर लगती ही है लेकिन इससे रूम भी बड़ा लगता है। 

आप अपने कमरे में इंडोर प्लांट्स भी लगा सकते हैं। इंडोर प्लांट्स ना केवल कमरे की धूल-मिट्टी को खत्म करते हैं बल्कि यह आपके कमरे को एक क्लासी लुक भी देगा। अपने बेड के पास इंडोर प्लांट रखें जिससे आपको ताज़ी हवा मिलती रहे।
 
दिवाली और क्रिसमस पर इस्तमाल होने वाली फेयरी लाइट्स का इस्तेमाल करके आप अपने रूम को एक मैजिकल लुक दे सकते हैं। अपने कमरे को पीले रंग की फेयरी लाइट्स लगाएं।