क्या आप जानते हैं कौन हैं भारत की सबसे प्रभावशाली महिला, विदेश में भी मिल चुका है सम्मान

By Ek Baat Bata | Aug 07, 2020

हाल ही में इम्पैक्ट मोस्ट इन्फ्लूएन्शल वुमन अवार्ड के नतीजों की घोषणा हुई है। इस साल 2020 की सबसे प्रभावशाली महिला अवार्ड के लिए इंडिया टुडे ग्रुप की वाईस-चेयरपर्सन कली पुरी को चुना गया है। इस अवार्ड के लिए कली पुरी को साल 2020 के लिए एडवरटाइजिंग, मीडिया और मार्केटिंग क्षेत्र की 50 सबसे प्रभावशाली महिलाओं में से चुना गया है। आइए जानते हैं कौन हैं सबसे प्रभावशाली महिला का खिताब जीतने वाली कली पुरी 

कौन हैं कली पुरी 
सबसे प्रभावशाली महिला का खिताब जीतने वाली कली पुरी इंडिया टुडे ग्रुप की वाईस-चेयरपर्सन हैं। उन्होंने ब्रिटेन की ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से पॉलिटिक्स, फिलॉस्फी और इकोनॉमिक्स में पढाई की है। इसके अलावा वे अमेरिका के हार्वर्ड बिजनेस स्कूल से मैनेजमेंट का कोर्स भी कर रही हैं। उनके कुशल नेतृत्व  की वजह से ही इंडिया टुडे ग्रुप ने मीडिया के क्षेत्र में सफलता के नए आयाम छुए हैं जिसके लिए उन्हें  इस अवार्ड से नवाज़ा गया है। इस साल इम्पैक्ट मोस्ट इन्फ्लूएन्शल वुमन अवार्ड का 9वां एडिशन था। पिछले 7 सालों से उनका नाम सबसे प्रभावशाली महिलाओं की लिस्ट में आता रहा है। इसके अलावा वह दो बार इस अवार्ड की टॉप 5 लिस्ट में भी अपनी जगह बना चुकी हैं।
 
क्या है इम्पैक्ट मोस्ट इन्फ्लूएन्शल वुमन अवॉर्ड
इम्पैक्ट मोस्ट इन्फ्लूएन्शल वुमन अवॉर्ड देशभर का एक प्रतिष्ठित अवार्ड है। यह अवॉर्ड देश की उन प्रभावशाली महिलाओं को दिया जाता है जिन्होंने मीडिया, एडवरटाइजिंग और मार्केटिंग इंडस्ट्री में सराहनीय योगदान दिया हो और अपनी काबिलियत के दम पर एक ऊंचा मुकाम हासिल किया हो। यह अवार्ड उन महिलाओं के नाम है जिन्होंने देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में अपनी लीडरशिप को साबित किया हो और अपनी प्रतिभा से सफलता हासिल की हो। ऐसी महिलाओं का काम दूसरों के लिए प्रेरणादायी होता है।

विश्व स्तर पर मिल चुकी है सफलता 
कली पुरी ना केवल भारत बल्कि विदेश में भी लीडरशिप का लोहा मनवा चुकी हैं। हाल ही में उन्हें लंदन में आयोजित ’21वीं सदी आइकॉन अवॉर्ड’ के वार्षिक समारोह में ‘आउटस्टैंडिंग मीडिया ऐंड एंटरटेनमेंट अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा ब्रिटिश संसद के प्रतिष्ठित कॉन्फ्लुएंस एक्सीलेंस अवॉर्ड्स समारोह में उन्हें  ‘इंडियाज मोस्ट पावरफुल वुमन इन मीडिया’ अवॉर्ड से नवाजा गया था।