इन 10 महिलाओं ने हर बंदिशों को दरकिनार कर साबित की काबिलियत

By Ek Baat Bata | Mar 07, 2020

हमेशा महिलाओं को मर्दों से कमजोर समझा जाता है। उनपर हज़ारो तरह की बंदिशे लगाई जाती हैं। बदलते समय के साथ महिलायें हजारों बंदिशों के बाद भी अपनी मेहनत के दम पर हर कार्यक्षेत्र में महारथ हासिल करती जा रही हैं। आज हम आपको ऐसी महिलाओं के बारे में बताएंगे जिन्होंने खुद की काबिलियत के दम पर करोड़ों की कंपनी खड़ी कर, अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्त्रोत बनीं।
 
फाल्गुनी नायर- Founder of Nykaa
 
 
फाल्गुनी नायर ऑनलाइन रिटेलर nykaa.com की संस्थापक हैं, जिनकी कंपनी का कारोबार फिलहाल 200 करोड़ से ज्यादा का है। फाल्गुनी नायर ने अपना पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा अहमदाबाद के 'इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट' (IIM) से किया, फिर उन्होंने बतौर कैपिटल इनवेस्टमेंट मैनेजिंग डायरेक्टर कोटक महिंद्रा बैंक में 18 से अधिक वर्षो के लिए काम किया। अपने खुद के बिज़नेस के सपने को पूरा करने के लिए 2012 में उन्होंने अपनी नौकरी छोड़ दी।
2012 में नौकरी छोड़ने के बाद उन्होंने खुद का एक बहु-ब्रांड ब्यूटी स्टोर खोलने का फैसला लिया जिसका नाम उन्होंने Nykaa रखा। Nykaa स्टोर खोलने का ख्याल उनके दिमाग में तब आया जब जब वह एक इंटरनेशनल मल्टी-ब्रांड ब्यूटी स्टोर, सेफोरा में खरीदारी कर रही थीं। उन्होंने महसूस किया की हर जगह ब्यूटी प्रोडक्ट्स के नियमित ग्राहक नहीं होने के कारण सारे ब्यूटी प्रोडक्ट्स एक स्टोर पर नहीं मिल पाते, इस तरह उन्हें अपने ब्यूटी प्रोडक्ट के बिसनेस का आईडिया मिला। एक स्टोर जहाँ हर तरह के मेकअप, ब्यूटी, हेयर केयर, स्किन केयर प्रोडक्ट्स मिल जाये, अपनी इस सोच के साथ उन्होंने इस क्षेत्र में कदम रखा।
ऑनलाइन ब्यूटी और वेलनेस रिटेलर प्रोडक्ट्स के क्षेत्र में नायका सबसे प्रसिद्ध और सफल मार्किट लीडर्स में से एक है। 400 ब्रांड्स, 40 हज़ार से ज्यादा प्रोडक्ट्स के साथ नायका रिटेलर और इ कॉमर्स के क्षेत्र में अपनी पकड़ बनाये हुए है। नायका महिलाओं के बीच काफी लोकप्रिय है।
 
नीरू शर्मा- Co-Founder of Infibeam
 
 
कार्नेगी मेलन यूनिवर्सिटी से एमबीए और कंप्यूटर साइंस में इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल करने वाली नीरू शर्मा Infibeam कंपनी की सह-संस्थापक हैं।
2007 में विशाल मेहता द्वारा Infibeam कंपनी की स्थापना की गयी। Infibeam कंपनी एक ऑनलाइन ईकॉमर्स कंपनी है जो भारत में ऑनलाइन पुस्तकों, इलेक्ट्रॉनिक्स और ऑटोमोबाइल के लिए एक ऑनलाइन रिटेलर है। इस कंपनी को बीएसई और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज की लिस्ट में भी शामिल किया गया है। जुलाई 2015 में Infibeam, IPO दाखिल करने वाली भारत की पहली ईकामर्स कंपनी बनी।
नीरू शर्मा Infibeam कंपनी की कॉरपोरेट डेवलपमेंट को संभालती हैं, जिसमें रणनीतिक सोच, नए व्यापार मॉडल मूल्यांकन, मार्किट के गठजोड़ से निपटने और Infibeam का ईकॉमर्स के क्षेत्र में प्रतिनिधित्व करना शामिल है।
 
राधिका अग्रवाल- Co-Founder of Shopclues
 
 
राधिका अग्रवाल भारत की जानी मानी ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट में से एक ShopClues की को-फाउंडर और चीफ मार्केटिंग ऑफिसर हैं। राधिका अग्रवाल यूनिकॉर्न क्लब में प्रवेश करने वाली भारत की पहली बिसनेस वूमेन हैं।
राधिका ने वाशिंगटन विश्वविद्यालय से एमबीए का कोर्स किया है इसके साथ उन्होंने स्टैनफोर्ड से वेब 2.0 और क्रिएटिव राइटिंग की भी पढाई की है। ShopClues  से पहले राधिका ने एक कंपनी "FashionClues" शुरू की थी जो एनआरआई महिलाओं के लिए एक कंटेंट पोर्टल थी। फ्लिपकार्ट और अमेज़ॅन की तरह ShopClues भी एक ऑनलाइन ईकामर्स स्टोर है। ShopClues क्लूज़ नेटवर्क प्राइवेट का एक हिस्सा है। शॉपक्लूज, टाइगर ग्लोबल मैनेजमेंट से 100 मिलियन डॉलर का फंड जुटाकर जनवरी 2016 में यूनिकॉर्न क्लब में शामिल हो गया।

ऋचा कर- Founder Of Zivame
 
 
ऋचा कर भारत की सबसे बड़ी ऑनलाइन लेडीज इनरवियर रिटेलर Zivame की संस्थापक हैं। ऋचा कर बताती हैं कि उन्होंने ये चीज़ महसूस की कैसे महिलाएं दुकानों पर इनरवियर खरीदते हुए शर्माती हैं और खुलकर बात नहीं कर पाती, ये देखकर उन्होंने सोचा कि महिलाओं के लिए ऑनलाइन इनरवियर खरीदारी व्यवस्था की जाए। इस तरह 2011 में उन्होंने Zivame की शुरुआत की और उनका यह आईडिया भारतीय महिलाओं द्वारा स्वीकार किया गया क्योंकि भारतीय महिलाओं के लिए इनरवियर की खरीदारी करना आसान हो गया।
Actoserba Active Wholesale Pvt. Ltd. द्वारा चलाई जाने वाली Zivame, एक बेंगलुरु आधारित कंपनी है। Zivame  में 5 हजार लॉन्जरी स्टाइल, 50 ब्रांड और 100 साइज उपलब्ध हैं। कंपनी ट्राई एट होम, फिट कंसल्टेंट और बेंगलूरु में फिटिंग लाउंज जैसी सुविधाएं भी देती है। कंपनी का टारगेट महिलाओं को सही  साइज का अच्छा इनरवियर उपलब्ध करवाना है। Zivame ने स्थापना के बाद से 57.6 मिलियन डॉलर का फण्ड जुटाया है।
 
सबीना चोपड़ा- Co-Founder of Yatra.com
 
 
दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ आर्ट्स की डिग्री हासिल करने वाली सबीना चोपड़ा ऑनलाइन ट्रेवल पोर्टल Yatra.com की सह-संस्थापक हैं। सबीना चोपड़ा के पास भारत में यूरोप की सबसे बड़ी यात्रा कंपनी "Ebookr" के साथ 16 साल से अधिक का कार्य अनुभव है। साल 2006 में अपने दो सह-संस्थापकों, ध्रुव श्रृंगी और मनीष अमीन के साथ मिलकर सबीना ने Yatra.com की शुरुआत की, फ़िलहाल कंपनी गुरुग्राम में स्थित है। Yatra.com एक ऑनलाइन पोर्टल है जहाँ होटल, फ्लाइट टिकट, बस और ट्रेन टिकट, भारत और विदेशों में छुट्टी पैकेज बुक करवाने की सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। साल 2012 के अप्रैल में Yatra.com भारत की दूसरी सबसे बड़ी ऑनलाइन ट्रेवल सेवा प्रदान करने वाली कंपनी बनी। Yatra.com ने 4 दौर की फंडिंग में 50 मिलियन डॉलर से अधिक धन जुटाया है।
 
शायरी चहल- Founder of Sheroes
 
 
एक पत्रकार से भारत की मशहूर बिज़नेस वूमेन बनी शायरी चहल, SHEROES की संस्थापक और सीईओ हैं। SHEROES की स्थापना से पहले शायरी फ्लेक्सीमॉम्स की सह-संस्थापक भी रह चुकी हैं।
महिलाओं को सही करियर खोजने और उनके जीवन को बेहतर बनाने के मिशन के साथ शायरी ने 14 जनवरी, 2014 को SHEROES की स्थापना की। SHEROES एक ऑनलाइन पोर्टल है जहाँ महिलाएं किसी भी तरह के प्रोफेशन के बारे में सलाह ले सकती हैं और तरह-तरह के करियर अवसरों का पता लगा सकती हैं। उनके इस आईडिया को शानदार प्रतिक्रिया मिली।
SHEROES दुनिया का एकमात्र ऐसा ऑनलाइन पोर्टल है जो महिलाओं की मदद के लिए महिला करियर हेल्पलाइन सुविधा उपलब्ध करता है। ये हेल्पलाइन सेवा करियर काउंसलर और कोच की एक टीम द्वारा चलाई जाती है, जो महिलाओं को सहायता, सलाह और संसाधन देकर उनकी मदद करते हैं। आज के समय में SHEROES से लगभग 70 हजार से ज्यादा महिलाये जुडी हुई हैं।
 
श्रद्धा शर्मा- Founder of YourStory
 
 
भारत के मशहूर ब्लॉगरों में से एक श्रद्धा शर्मा YourStory की संस्थापक हैं। YourStory शुरू करने से पहले श्रद्धा शर्मा ने CNBC TV18 में सहायक उपाध्यक्ष के रूप में काम किया है और The Times Of India में एक ब्रांड सलाहकार के तौर पर जुडी हुई थीं।
श्रद्धा ने 2008 में YourStory की स्थापना की, जहाँ व्यवसाय करने वाले लोगों की अनसुनी कहानियां बताई जाती हैं। YourStory ने व्यवसाय और परिवर्तन करने वालों की 70,000 से अधिक कहानियों को प्रकाशित किया और 50,000 से अधिक व्यवसाय करने वाले लोगों तक नेटवर्किंग और फंडिंग के अवसरों को पहुंचाने में मदद की है।
YourStory लगभग 70 हज़ार से अधिक कहानियों के एक डेटाबेस के साथ मार्किट में पैर जमाये हुए है। श्रद्धा 100 से अधिक लोगों की टीम के साथ 11 अलग-अलग स्थानीय भाषाओं में कहानियाँ पेश करती हैं और एक मिलियन से अधिक लोग इनकी कहानियाँ पढ़ते हैं।
 
सुचि मुखर्जी- Founder of Limeroad
 
 
2012 में अपनी गर्भावस्था की छुट्टी के दौरान सुचि मुखर्जी ने अपनी व्यावसायिक यात्रा की शुरूआत की, इस दौरान उन्होंने LimeRoad की स्थापना की। सुचि अपने पति और दो बच्चों के साथ हरियाणा में रहती हैं।
पढाई पूरी करने के बाद 1998 में, सुचि ने अपने करियर की शुरुआत लेहमैन ब्रदर्स इंक में बतौर सीनियर एसोसिएट के रूप में की, 2003 में सुचि ने वर्जिन मीडिया कंपनी में 'डायरेक्टर फॉर चेंज एंड बिजनस डेवलपमेंट' का पद संभाला।
लंदन में एक मैगज़ीन पढ़ते समय सुचि को एक ज्वैलरी पसंद आई जिसे वह खरीदना चाहती थीं, लेकिन ज्वैलरी मुंबई की छोटी दुकानों पर उपलब्ध थी। इतनी दूर से उसे खरीद पाना संभव नहीं था, इसलिए सुचि ने सोचा क्यों न एक ऐसी कंज्यूमर टेक्नोलॉजी बनाई जाए जिससे अच्छी एसेसरीज और प्रोडक्ट्स को आसानी से खरीदा जा सके।
2012 में स्थापित हुई कंपनी LimeRoad, एक ऑनलाइन ईकामर्स स्टोर है जो महिलाओं की लाइफ स्टाइल से जुड़े आकर्षक प्रोडक्ट्स खोजने, खरीदने और शेयर करने में मदद करता है। LimeRoad की पहुंच 400 मिलियन से अधिक स्मार्टफोन तक हो चुकी है, जिसमें ज्यादातक महिलाएं शामिल हैं। LimeRoad अबतक 30 मिलियन डॉलर की फंडिंग कर चुका है।
 
उपासना ताकू- Founder of ZaakPay and Co-Founder of Mobikwik
 
 
उपासना ठाकु भारत की मशहूर बिज़नेस वुमेंस में से एक हैं जो Mobikwik की सह-संस्थापक और ZaakPay की संस्थापक हैं। Mobikwik भारत का सबसे बड़ा स्वतंत्र मोबाइल पेमेंट नेटवर्क बन चुका है और ZaakPay एक ऑनलाइन पेमेंट गेटवे है जो लेन-देन के दौरान सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए एक तरीके का गेटवे है।
अमेरिका में उपासना ने HSBC और PayPal के साथ काम किया। PayPal के साथ काम करने के दौरान 2007-2008 में उन्हें स्पेन, जर्मनी जैसे कई देशों में डिजिटल वॉलेट लांच करने का मौका मिला। जहाँ से उन्होंने पेमेंट में एक अच्छा ज्ञान हासिल किया और भारत चली आयीं। भारत आकर अप्रैल 2009 में उन्होंने बिपिन प्रीत सिंह के साथ मिलकर MobiKwik की स्थापना की और अक्टूबर 2017 में, उन्होंने ZaakPay लॉन्च किया, जो MobiKwik के लिए एक ऑनलाइन पेमेंट गेटवे है।
 
वंदना लूथरा- Founder of VLCC
 
 
सौंदर्य, फिटनेस, खाद्य पोषण और स्किनकेयर में विशेषज्ञता हासिल करने वाली वंदना लूथरा, VLCC हेल्थ केयर लिमिटेड की संस्थापक है। वंदना लूथरा ने ग्रेजुएशन के बाद जर्मनी में न्यूट्रीशन एवं कॉस्मेटोलॉजी में उच्च शिक्षा प्राप्त की।
अपने आईडिया के साथ उन्होंने बिज़नेस की दुनिया में कदम रखा। साल 1989 में, दो हज़ार रुपए से वंदना ने VLCC शुरू किया जो दिल्ली के सफदरजंग में एक सौंदर्य और स्लिमिंग सेवा केंद्र है। यह भारत का पहला 'ट्रांस्फॉर्मेशन सेंटर' था। 25 साल की उनकी मेहनत रंग लाई और VLCC ने दुनिया में अपना रुतबा साबित किया।
VLCC वर्तमान में 13 देशों के 153 शहरों में 326 से अधिक स्थानों पर काम कर रहा है। कम्पनी में पूरी दुनिया के 39 देशों के 6,000 से अधिक लोग काम करते हैं। जिनमे अधिकांश डॉक्टर, न्यूट्रीशनिस्ट, साइकोलॉजिस्ट, कॉस्मेटोलॉजिस्ट, ब्यूटीशियन, फीजियोथिरेपिस्ट आदि हैं। वंदना को फोर्ब्स एशिया 2016 की सूची में 26 वें स्थान पर रखा गया, जिनमें एशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड क्षेत्र की 50 पावरफुल बिज़नेस वीमेन शामिल थीं।