The Great Indian Kapil Show: कपिल शर्मा के शो में सुनील ग्रोवर ने 'डफली' बन लगाया लाफ्टर का तड़का, खत्म हुई लड़ाई

By Ek Baat Bata | Apr 04, 2024

कपिल शर्मा ने एक बार फिर नए कॉमेडी शो के साथ वापसी की है। लेकिन इस शो से ज्यादा सोशल मीडिया पर उनके और सुनील ग्रोवर की फिर हुई दोस्ती की चर्चा देखने को मिल रही है। बता दें कि कपिल शर्मा के शो 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' में सुनील ग्रोवर ने भी एंट्री की है। शो के पहले एपिसोड में एक गिफ्ट बॉक्स में बैठे सुनील ग्रोवर को 'डफली' के रूप में मंच पर पेश किया गया है। सुनील ग्रोवर का कैरेक्टर 'डफली' गुत्थी का 3.0 वर्जन है। इससे पहले उनको 'चुटकी' रूप में दर्शकों के सामने पेश किया गया था। लेकिन सुनील के शो में आने से कपिल का शो थोड़ा मजेदार हो गया है।

बता दें कि सुनील ग्रोवर की गैरहाजिरी में कीकू शारदा और कृष्णा अभिषेक भी कपिल शो में महिला के किरदार में दिखाई दिए हैं। लेकिन इन दोनों में न तो औरतों की तरह नजाकत नजर आती है और न ही एक्सप्रेशन। वहीं सुनील ग्रोवर महिला का किरदार पूरी शिद्दत से निभाते हैं और उनके इस रूप को दर्शक बेहद पसंद भी करते हैं। सुनील की आवाज से लेकर बॉडी लैंग्वेज में उनकी खुद को बतौर औरत पेश करने की हर मुमकिन कोशिश की जाती है।

नाम नया और अंदाज़ पुराना
'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' में कपिल शर्मा और सुनील ग्रोवर दोनों ने अपने बीच हुए झगड़े को लेकर खूब कॉमेडी की। दर्शकों के लिए यह एक नया अनुभव था। क्योंकि इससे पहले कपिल या सुनील में से किसी ने भी अपनी दोस्ती या झगड़े के बारे में कभी खुलकर बात नहीं की थी। भले ही सुनील ग्रोवर की वजह से कपिल शर्मा के शो में फ्रेशनेस का तड़का लगा हो, लेकिन ऑडियंस पहले भी उनका यह रूप देख चुकी है। 

इससे पहले गुत्थी बनकर शो पर आए मेहमानों के साथ फ्लर्ट करने वाले सुनील अब डफली बनकर मेहमानों से फ्लर्टिंग जारी रखी है। हांलाकि शो का पहला एपिसोड देखर उनको जज करना सही नहीं होगा। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले एपिसोड में कपिल और सुनील ग्रोवर कौन से एक्ट्स लेकर दर्शकों का मनोरंजन करते हैं।