सिर में हो गई हैं जुएं तो आजमाएं ये घरेलू नुस्खे, जल्द मिलेगी राहत

By Ek Baat Bata | Mar 26, 2021

बालों में जुएं होना एक आम समस्या है। जुएं आकार में बहुत छोटे होते हैं और उड़ नहीं सकते हैं। यह किसी भी व्यक्ति के सिर की सतह पर चिपककर अंडे देते हैं और सिर से खून चूसकर पोषण प्राप्त करते हैं। जुएं किसी एक व्यक्ति के सिर से दूसरे व्यक्त‍ि के सिर में बहुत जल्दी चले जाते हैं। जुएं वाले व्यक्ति की  कंघी इस्तेमाल करने पर या उसके कपड़ों या बिस्तर के संपर्क में आने पर यह तेजी से फैलते हैं। जुएं होने पर सिर में बहुत खुजली होती है और कभी-कभी दाने भी हो जाते हैं। अगर आपके भी सिर में जुएं हो गई हैं तो ये घरेलू नुस्खे जरूर आजमाएं - 

सिरका 
सिरके का इस्तेमाल न सिर्फ खाने के लिए किया जाता है, बल्कि यह सिर से जुएं निकालने के लिए भी फायदेमंद है। सिरके में एसिटिक एसिड मौजूद होता है जिससे जुएं मर जाते हैं। 

नारियल का तेल और कपूर 
नारियल का तेल हमारे बालों के लिए बहुत फायदेमंद होता है यह तो आप जानते ही होंगे। नारियल के तेल में कपूर मिलाकर लगाने से बालों में जुओं से छुटकारा मिलता है। इसके लिए नारियल के तेल में कपूर डालकर गर्म करें और फिर बालों की जड़ों में लगाएं।     

प्याज़ 
अगर आप के बाल में जुएं है तो प्याज का रस आपके लिए चमत्कारी साबित होगा। प्याज के रस में अत्यधिक मात्रा में सल्फर होता है जिससे जुएं खत्म हो जाती हैं। इसके लिए एक प्याज़ को छील कर उसका रस निकाल लें और रुई की सहायता से बालों की जड़ों में लगाएं। 

नींबू 
नींबू का इस्तेमाल रूसी और जुओं से छुटकारा पाने के लिए किया जाता है। नींबू अम्लीय होता है इसलिए इसका इस्तेमाल जुएं मारने के लिए किया जाता है। इसके लिए एक कटोरी में नींबू का रस निकाल लें। अब रुई की सहायता से इसे अपनी जड़ों में लगाएं। 

नीम 
नीम कितनी गुणकारी होती है यह तो आप जानते ही होंगे। जुओं से छुटकारा पाने के लिए भी नीम का इस्तेमाल बहुत कारगर उपाय है। इसके लिए नीम की पत्तियों को पानी में उबाल लें। इसके बाद जब यह पानी थोड़ा ठंडा हो जाए तो इससे अपने धो लें। ऐसा दो-तीन बार करने से जुएं खत्म हो जाएंगी। 

बादाम 
जुएं मारने के लिए बादाम का इस्तेमाल काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। इसके लिए पानी में कुछ बादाम भिगा कर रख दें और फिर बारीक पीस लें। इसमें नींबू के रस की कुछ बूँदें मिलाकर जड़ों में लगाएं। ऐसा करने से जुएं खत्म हो जाएंगी।