कपड़ों से हटाने हैं दाग-धब्बे तो आजमाएं ये घरेलू उपाय

By Ek Baat Bata | Aug 19, 2020

कपड़े पर दाग लग जाये तो बड़ा दिल दुखता है और जब हमारे किसी फेवरेट कपड़े पर दाग लग जाये तो गुस्सा भी बहुत आता है। कपड़ों पर दाग कई तरह से लग सकते है। कुछ दाग मिटाए नहीं जा सकते लेकिन ज्यादातर दाग मिटाए जा सकते है।गुस्सा करना किसी समस्या का समाधान नहीं होता। धैर्य पूर्वक कोशिश करें से कपड़ों के दाग मिट सकते है। ताजा लगा हुआ दाग ज्यादा आसानी से चला जाता है। दाग पुराना होने पर उसे मिटाना बहुत मुश्किल हो जाता है। इसलिए दाग को तुरन्त मिटाने की कोशिश करनी चाहिए।

अक्सर ऐसा होता है कि बहुत बचाने के बाद भी हमारे कपड़ों पर दाग लग जाता है।भले ही ये दाग बेहद छोटे हों लेकिन उनकी वजह से पूरे कपड़े की शोभा बिगड़ जाती है और हमें मजबूरी में उस कपड़े को बंद करके रख देना पड़ता है। पर अगर आपको अलग-अलग तरह के दाग छुटाने का उपाय पता हो तो आपकी यह मुश्किल थोड़ी कम हो सकती है।सबसे पहले तो ये जानना जरूरी है कि हर दाग को एक ही तरीके से नहीं छुटाया जा सकता है। हर दाग को छुटाने का अपना एक तरीका और उपाय होता है। मगर आप इन बातों से घबराए नहीं क्योंकि हम आपको कुछ ऐसे घरेलू नुस्खे बताएंगे, जिनसे जिद्दी दाग भी चुटकियों में निकल जाएंगे।

कपड़ों से दाग निकालते समय रखें ध्यान

1.रंगीन कपड़े से दाग मिटाते वक्त ध्यान रखें कपडे का रंग कच्चा हुआ तो ही रंग निकल सकता है।

2.ऊनी वस्त्र पर कभी भी तेज गर्म पानी नहीं डालना चाहिए इससे वो ख़राब हो सकते हैं।

3.पेट्रोल या स्पिरिट से दाग छुड़ाते वक्त ध्यान रखें कि ये ज्वलनशील होते है तुरंत आग पकड़ते है। अतः आस-पास आग नहीं होनी चाहिए।

4.तेज गर्म पानी से दाग छुड़ाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए इससे दाग पक्के हो जाते है।

कपड़ों से दाग छुटाने के तरीके

1.किसी कपडे पर चाय गिर जाये तो तुरन्त टेल्कम पाउडर लगा देने से दाग नहीं पड़ता। दाग लगे कपडे को थोड़ी देर आलू उबले हुए पानी में रखें फिर धोयें, चाय या कॉफी का दाग मिट जाएगा। चाय कॉफी के दाग पर थोड़ी देर ग्लिसरीन लगा कर रखें फिर साबुन से धो दें, दाग निकल जाएगा। दो कप पानी में चौथाई चम्मच बोरेक्स इस अनुपात के घोल से धोने पर रंगीन सूती व लिनन के कपड़े से चाय का दाग मिटायें। चाय गिरते ही शक्कर बुरक देने से दाग नहीं पड़ता और जल्दी साफ हो जाता है। सुहागे को गुनगुने पानी में घोलकर इससे धोने से कपड़े पर चाय कॉफी के दाग मिट जाते है।

2.हल्दी के दाग पर कुछ देर बेसन का घोल लगा कर रखें फिर धो दें। इसके बाद कपडे को धूप में सुखाएं, दाग मिट जाएगा। यदि दाग ताजा है तो तुरंत साबुन से धोकर धूप में सुखाने से हल्दी का दाग मिट जाता है। रेशमी और ऊनी वस्त्र पर हल्दी का दाग है तो उसे पहले पोटेशियम परमेगनेट के घोल में डुबोएं फिर अमोनिया के घोल में डुबोएं। ऐसे बारी-बारी से तीन चार बार करने से दाग निकल जाता है। स्प्रिट से साफ करने से हल्दी के दाग मिट जाते है।

3.बॉल पेन की इंक के दाग छुड़ाने के लिए मिथाइलेटेड स्प्रिट का उपयोग करना चाहिए, इससे दाग निकल जाता है। आधे घंटे छाछ में भिगोने के बाद धोने से कपड़े पर लगे इंक के दाग चले जाते है। कपडे पर इंक के दाग पर दोनों तरफ सफ़ेद टूथ पेस्ट लगा कर कुछ देर बाद धोने से दाग मिट जाता है। इंक के दाग पर सिरका विनेगर लगाकर रगड़े फिर साबुन से धो लें, इससे दाग चला जाएगा। उबले हुए चावल लगाने से या चावल के मांड से धोने पर इंक के दाग मिटते है।

4.खून के दाग अगर कपड़ों पर लग जाए तो इसे छुड़ाना बहुत मुश्किल होता है क्योंकि इसमें एक प्रकार के कार्बनिक प्रोटीन मौजूद होता है। ऐसे में कपड़े को सबसे पहले नमक और ठंडे पानी से बने घोल में भिगोएं। अब दाग वाली जगह पर एंजाइमेटिक स्‍टेन रिमूवर का उपयोग करें, इससे धब्बे छूट जाएंगे।

5.यदि कपड़े में मिट्टी के दाग लगें हैं और वे सूख चुके हैं तो कपड़े धोने वाले डिटर्जेंट को थोड़े से पानी में मिलाकर एक पेस्‍ट बनाएं। अब इसे प्रभावित जगह पर पांच मिनट के लिए लगा रहने दें। इसके बाद ब्रश से साफ कर दें, दाग छूट जाएगा।

6.कपड़ो पर जंग का दाग हटाने के लिये दाग पर नींबू का रस रुई की मदद से लगा कर 15 -20 मिनट के लिए धूप में रख दें। अब कपडे को साफ पानी से धो कर साबुन से धो लें, लोहे से लगे जंग का दाग साफ हो जाएगा। जंग के हलके दाग पर दही या नींबू का रस लगा कर थोड़ी देर बाद गर्म पानी में मसलने से जंग का दाग साफ़ हो जाता है। जंग के धब्बे वाले हिस्से को सिरके में थोड़ी देर भिगोने के बाद धोने से जंग का दाग साफ़ हो जाएगा। कपड़ो पर लगे जंग के दाग पर दूध मलने के बाद धोने से भी ठीक हो जाते है। सफ़ेद कपड़ों पर जंग के निशान को फ़टे हुए दूध से रगड़ कर साफ करने से निशान छूट जाता है।