शिमला मिर्च एक ऐसी सब्जी है, जो अपनी खास खुशबू और कुरकुरे स्वाद के लिए जानी जाती है। आमतौर पर शिमला मिर्च को पास्ता, नूडल्स और मिक्स वेज में डाला जाता है। अगर आप इसको एक मेन डिश के रूप में परोसती हैं, तो भरवां शिमला मिर्च एक बेहतरीन ऑप्शन है। पनीर, उबले हुए आलू और मसालों के चटपटे मिश्रण से भरी हुई शिमला मिर्च को जब कड़ाही में धीमी आंच पर पकाया जाता है, तो इसका स्वाद लाजवाब होता है।
भरवां शिमला मिर्च देखने में जितना अच्छा लगता है, यह उतना ही स्वादिष्ट खाने में भी होता है। आप इसको लंच, डिनर या किसी पार्टी के मेन्यू में शामिल कर सकते हैं। ऐसे में आज इस आर्टिकल के जरिए हम आपको इस आसान और परफेक्ट रेसिपी के बारे में बताने जा रहे हैं।
सामग्री
शिमला मिर्च- 4 मध्यम आकार की
उबले हुए आलू- 4 (मैश किए हुए)
पनीर- 50 ग्राम (कद्दूकस किया हुआ)
हरी मिर्च- 2 बारीक कटी हुई
प्याज- 1 बारीक कटा हुआ
अदरक-लहसुन का पेस्ट- 1 छोटा चम्मच
हरा धनिया- बारीक कटा हुआ
लाल मिर्च पाउडर - 1 छोटा चम्मच
आधा छोटा चम्मच हल्दी
धनिया पाउडर - 1 छोटा चम्मच
गरम मसाला - आधा छोटा चम्मच
आमचूर पाउडर - 1 छोटा चम्मच
जीरा और हींग- तड़के के लिए
नमक- स्वादानुसार
तेल- 3-4 बड़े चम्मच
ऐसे बनाएं
सबसे पहले शिमला मिर्च को धोकर सुखा लें। फिर चाकू की मदद से इसके ऊपर के ठंडल वाले गोल हिस्से को गोल काटकर निकाल लें।
फिर सारे बीज और सफेद रेशों को चम्मच की मदद से साफ कर लें। जिससे कि इसके अंदर स्टफिंग भरने के लिए अच्छी जगह बन जाए।
अब कड़ाही में एक बड़ा चम्मच तेल गरम कर लें। तेल गरम होने पर इसमें एक चुटकी हींग और जीरा डालें। फिर बारीक कटा हुआ प्याज, अदरक लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च डालकर सुनहरा होने तक भूनें।
फिर धीमी आंच पर धनिया पाउडर, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और नमक को डालें। मसालों को कुछ सेकेंड के लिए भून लें और मैश किए हुए उबले आलू और कद्दूकस किया हुआ पनीर डालें। इन सभी चीजों को अच्छे से मिलाकर 2-3 मिनट तक भूनें।
अंत में आमचूर पाउडर, गरम मसाला और बारीक कटा हरा धनिया मिलाएं। इस आसान तरीके से चटपटी स्टफिंग बनकर तैयार है। इसको एक प्लेट में निकालकर ठंडा होने दें।
जब आलू का मिश्रण ठंडा हो जाए, तो हाथों की मदद से इसको तैयार की गई शिमला मिर्च के अंदर दबा-दबाकर अच्छे से भर दें। ऊपर तक मसाले को बराबर कर लें, जिससे पकते समय मसाला बाहर न निकल जाएं।
फिर उसी कड़ाही में 2 बड़े चम्मच तेल गर्म करें और भरी हुई शिमला मिर्च को कड़ाही में सीधा खड़ा करके रख दें। कड़ाही को ढक दें और धीमी आंच पर 2 से 3 मिनट तक पकने दें।
अब ढक्कन हटाकर शिमला मिर्च को चिमटे की सहायता से दूसरी तरफ पलटें। अब इसको चारों ओर से घुमा-घुमाकर तब तक पकाएं, जब तक कि शिमला मिर्च की बाहरी परत हल्की नरम न हो जाए। साथ ही उस पर हल्के भूरे रंग के निशान न आ जाएं।
ध्यान रखें कि इसको धीमी आंच पर ही पकाना चाहिए। जिससे शिमला मिर्च अंदर तक सॉफ्ट हो जाए और जले भी नहीं।
सर्विंग टिप्स
जब मसालेदार, गरमा-गरम और खुशबूदार भरवां शिमला मिर्च बनकर पूरी तरह तैयार हो जाए। तो इसको कड़ाही से निकालकर ऊपर से बारीक कटा धनिया या कद्दूकस किए हुए पनीर से गार्निश करें। इसको आप गरमा-गरमा पराठे, पूरी या फिर दाल-चावल के साथ साइड डिश के रूप में परोस सकते हैं।