Smoothies for Sehri: रोजा में एनर्जी से रहना है भरपूर तो सहरी में ट्राई करें ये स्मूदी, स्वाद के साथ सेहत भी रहेगी दुरुस्त

By Ek Baat Bata | Mar 06, 2025

रमजान का पाक महीना शुरू हो चुका है। ऐसे में बहुत से लोग रोजा रखते हैं। वहीं रोजा रखने वाले लोग सूर्योदय से पहले सहरी के समय कुछ न कुछ खाते हैं। फिर पूरा दिन फास्ट करते हैं। तो वहीं सूरज डूबने के बाद इफ्तार किया जाता है। ऐसे में अगर आप भी रोजा रखते हैं, तो जरूरी है कि खुद को एनर्जी से फुल रखने के लिए आप सहरी में ऐसी चीजों का सेवन करें, जिससे कि आपका पेट लंबे समय तक भरा रहे। इसके लिए आप स्मूदी का सेवन कर सकते हैं।

बता दें कि सहरी में स्मूदी पीने से आपका पेट लंबे समय तक भरा रहता है। इसमें जरूरी न्यूट्रिएंट्स मिलते हैं और स्मूदी में हेल्दी फैट, फाइबर और प्रोटीन पाया जाता है। जो आपके पाचन को स्लो करता है और दिनभर आपको एनर्जी से भरपूर रखता है। खासकर चिया सीड्स, ओट्स, एवोकाडो और नट्स वाली स्मूदीज धीरे-धीरे पचती है। जिससे जल्दी भूख नहीं लगती है और कमजोरी महसूस नहीं होती है। इसके अलावा इसमें नैचुरल इंग्रीडिएंट्स होने से यह डाइजेशन को बेहतर बनाता है।

सहरी में ट्राई करें ये स्मूदी 

ओट्स और केला स्मूदी
केला और ओट्स को एक साथ मिलाकर हेल्दी और टेस्टी स्मूदी बनती है। क्योंकि ओट्स फाइबर से भरपूर होते हैं, जो आपके पेट को लंबे समय तक भरा महसूस कराते हैं। तो वहीं केला में नेचुरल शुगर होता है। जिससे एनर्जी बनी रहती है। इस स्मूदी को बनाने के लिए केला, ओट्स, दूध और शहद मिलाकर अच्छे से ब्लेंड करें।

ड्राई फ्रूट्स स्मूदी
अगर आप भी हेल्दी और एनर्जी से भरपूर कुछ पीना चाहते हैं, तो ड्राई फ्रूट्स स्मूदी बेस्ट ऑप्शन है। इसमें अखरोट, बादाम, खजूर और काजू होते हैं। जो आपके शरीर को जरूरी न्यूट्रिएंट्स देते हैं।

चिया सीड्स और बेरी स्मूदी
चिया सीड्स और बेरीज से बनी स्मूदी सेहत के लिए अच्छी होती है और यह पेट के लिए भी हल्की होती है। इसमें फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। वहीं चिया सीड्स पानी में फूलकर पेट को लंबे समय तक भरा रखने में मदद करते हैं। इसलिए इसको बनाने के लिए स्ट्रॉबेरी, ब्लूबेरी, दही और भीगे हुए चिया सीड्स को अच्छे से ब्लेंड करें।

एवोकाडो और डेट्स स्मूदी
बता दें कि एवोकाडो में हेल्दी फैट भरपूर मात्रा में पाया जाता है। यह शरीर को लंबे समय तक एनर्जी देता है। वहीं खजूर में नेचुरल मिठास के साथ आयरन भी होता है। जिससे आपको दिनभर कमजोरी महसूस नहीं होती है। इसको बनाने के लिए खजूर, एवोकाडो, दूध और थोड़ा सा शहद मिलाकर अच्छे से ब्लेंड करें।

पीनट बटर और कोको स्मूदी
अगर आप भी इफ्तार पर कुछ प्रोटीन और एनर्जी से भरपूर चाहते हैं, तो आपको पीनट बटर और कोको स्मूदी ट्राई करनी चाहिए। पीनट बटर में हेल्दी फैट और प्रोटीन होता है। इसको बनाने के लिए पीनट बटर, कोको पाउडर, केला और दूध को अच्छे से ब्लेंड करें और फिर ठंडा-ठंडा पिएं।