इस सरल विधि से करें नवमी का हवन और कन्या पूजन, मिलेगा पूरा फल

By Ek Baat Bata | Oct 11, 2021

हिन्दू धर्म में नवरात्रि पर्व का खास महत्व है। नवरात्रि के नौ दिनों में देवी दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा की जाती है। नवरात्रि के आखरी दिन यानी नवमी के दिन हवन और कन्या पूजन के साथ व्रत का उद्यापन किया जाता है। बिना उद्यापन किए नवरात्रि व्रत पूरा नहीं माना जाता है। आज के इस लेख में हम आपको नवरात्रि में हवन और कन्या पूजन करने की सरल विधि बताने जा रहे हैं - 

हवन पूजा विधि
हवन करते समय सबसे पहले गंगाजल से सभी सामग्रियों को पवित्र कर लें। 
इसके बाद माता की मूर्ति या तस्वीर को पूजा स्थल पर स्थापित करें। 
माता पर श्रृंगार की चीजें, लाल चुनरी और माता के भोग का सामान भी चौकी के पास रखें।
अब एक मिट्टी का पात्र लें उसमें आम की सूखी लकड़ियां रखें और रूई में घी लगाकर लकड़ी के ऊपर रख दीजिए।
इसके बाद कपूर जलाकर पात्र को प्रज्जवलित कीजिए। इसके बाद 7 बार ‘ऊं ऐं ह्रीं क्लीं चामुण्डयै विच्चै नमः’ मंत्र का जाप करते हुए अग्नि में घी डालें। 
इसके बाद हवन की सामग्री से माता के नाम से आहुति दें और फिर सभी देवी-देवताओं से नाम से 3 या 5 बार आहुति देंगे। 
माता के मंत्र ‘ऊं ऐं ह्रीं क्लीं चामुण्डयै विच्चै नमः’ का हवन करते समय 108 बार जाप करें। 
अंत में हवन के बाद आरती करें और माता को भोग लगाने के बाद प्रसाद सभी में बाँटें।

कन्या पूजन विधि
सबसे पहले कन्याओं को अपने घर भोजन के लिए आमंत्रित करें। 
कन्याओं के आने के बाद सबसे पहले उनके पैर धोएं और इसके बाद उनके पैर साफ करके उनको आसान पर बैठाएं। 
इसके बाद आरती को थाली में कुमकुम, चावल, फूल, रक्षासूत्र और दीपक रखें। 
सभी कन्याओं को कुमकुम लगाएं और उनके हाथ पर रक्षासूत्र बांधें। सभी कन्याओं की आरती उतारने के बाद उन्हें भोजन परोसे। 
भोजन में पूरी, खीर, हलवा, काले चने की सब्जी परोसें। 
कन्याओं को दक्षिणा और कोई अन्य चीज़े भेट में दें। 
अंत में उनका आशीर्वाद लेकर उन्हें विदा करें।