अंतरराष्‍ट्रीय महिला दिवस 2020 : महिला सम्मान के लिए मोदी सरकार ने लॉन्च किया अभियान

By Ek Baat Bata | Mar 06, 2020

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा ही महिला सशक्तिकरण और महिलाओं की सुरक्षा पर जोर दिया है। बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ जैसे प्रोग्राम से उन्होनें हमेशा ही महिलाओं को पढ़ने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को ट्वीट करके बताया था कि इस अंतरराष्‍ट्रीय महिला दिवस वे अपने सोशल मीडिया अकाउंट ऐसी प्रभावशाली महिलाओं को सौंप देंगे जो दूसरों के लिए प्रेरणा हैं। इस साल महिला दिवस के मौके पर मोदी सरकार ने महिलाओं की सफलता का जश्न मनाने के लिए एक अभियान लॉन्च किया है जो ऐसी महिलाओं को समर्पित है जिन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों में अपना योगदान दिया है।  

1 मार्च से शुरू हुआ ये अभियान 8 मार्च तक चलेगा और हर दिन के लिए एक अलग थीम तय की गई है। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय और मानव संसाधन विकास मंत्रालय समेत अन्य मंत्रालयों ने महिलाओं को समर्पित इस सात-दिवसीय अभियान की शुरुआत की है जो 8 मार्च 2020 को अंतरराष्‍ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाया जाएगा।

सरकार द्वारा जारी की गई एक प्रेस रिलीज़ के मुताबिक, यह अभियान 1 मार्च से शुरू होगा और हर दिन के लिए एक अलग थीम रखी गई है। इन सात दिनों में शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण, महिलाओं का सशक्तिकरण, कौशल और उद्यमिता, खेल में महिलाओं की भागीदारी, विशेष परिस्थितियों, कृषि में ग्रामीण महिलाओं की भागीदारी और शहरी महिलाओं जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।

इतना ही नहीं, 1 से 7 मार्च तक दूरदर्शन पर सेलिब्रिटी शेफ संजीव कपूर का एक स्पेशल प्रोग्राम भी प्रसारित किया जाएगा जिसमें वे गर्भवती महिलाओं के लिए स्वस्थ और पौष्टिक आहार और रेसिपीज़ बताएंगे।

मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने भी यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन के साथ मिलकर 40 केंद्रीय विश्वविद्यालयों में महिला सशक्तिकरण पर राउंड टेबल कॉन्फरेंस करने का फैसला किया है। इन सात दिनों में 14 महिला केंद्रित फिल्में दिखाई जाएंगी और महिलाओं को प्रधानमंत्री आवास योजना के फायदों के बारे में जागरूक करने के लिए रोडशो का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही कई मंत्री और विशेषज्ञ अपने-अपने क्षेत्र में महिलाओं से जुड़े लेख भी लिखेंगे।  महिला दिवस के मौके पर भारतीय संविधान में महिलाओं के योगदान को सराहने के लिए भी सरकार द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अंतरराष्‍ट्रीय महिला दिवस हर साल 8 मार्च को दुनियाभर में मनाया जाता है।  इस दिन महिलाओं की उपलब्धियों, समाज में उनके सम्मान, हक और सुरक्षा जैसे तमाम विषयों पर कई कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।