त्वचा के लिए टॉनिक है प्याज़ का रस, स्किन प्रॉब्लम्स से छुटकारा पाने के लिए इस तरह करें इस्तेमाल

By Ek Baat Bata | Aug 10, 2021

भारतीय व्यंजनों में प्याज़ का इस्तेमाल भोजन का जायका बनाने के लिए किया जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि प्याज़ का रस हमारे बालों और त्वचा के लिए भी बहुत फायदेमंद होता है। इसमें भरपूर मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट्स, मिनरल्स, विटामिन मौजूद होते हैं जो त्वचा को हेल्दी और ग्लोइंग बनाने में मदद करते हैं। प्याज़ के रस में एंटीफंगल और एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं जो चेहरे पर मुंहासे की समस्या को दूर करते हैं। आज के इस लेख में हम आपको त्वचा के लिए प्याज़ के रस के फायदे बताने जा रहे हैं - 

प्याज़ के रस से आप चेहरे पर मौजूद दाग-धब्बों और कालेपन से छुटकारा पा सकते हैं। इसके लिए बराबर मात्रा में प्याज़ का रस और दही मिलाकर अपने चेहरे पर लगाएं। हल्के हाथों से चेहरे की मसाज करें और 10 मिनट के लिए इसे चेहरे पर लगाकर छोड़ दें। इसके बाद पानी से चेहरा धो लें। 

अगर आप चेहरे पर पिंपल्स से परेशान हैं तो इस समस्या से छुटकारा पाने के लिए प्याज़ के रस का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए एक चम्मच प्याज के रस में एक चम्मच जैतून का तेल मिलाकर सीधे पिंपल्स पर लगाएं। प्याज में एंटीफंगल और एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं जिससे मुंहासे दूर होते हैं और चेहरा साफ होता है। 

प्याज़ के रस का इस्तेमाल आप चेहरे पर एंटी-एजिंग के निशान को मिटाने के लिए भी कर सकते हैं। प्याज़ के रस में फायटोकेमिकल्स मौजूद होते हैं जो त्वचा को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाते हैं। प्याज़ के रस को चेहरे पर लगाने से रिंकल्स और फाइन लाइन्स की समस्या दूर होती है और त्वचा जवां लगती है। 

आजकल बढ़ते प्रदूषण और यूवी किरणों से त्वचा को नुकसान होता है। प्याज़ के रस में भरपूर मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन और मिनरल्स मौजूद होते हैं। ये सभी तत्व त्वचा के लिए एक कवच के तौर पर काम करते हैं और प्रदूषण और यूवी किरणों से त्वचा का बचाव करते हैं। 

अगर आपकी  ग्लोइंग त्वचा पाना चाहते हैं तो प्याज़ के रस और बेसन का फेसपैक लगा सकते हैं। दरअसल, प्याज़ का रस एक नेचुरल क्लींज़र की तरह काम करता है और चेहरे पर जमा गंदगी को साफ़ करने में मदद करता है। इसके लिए एक चम्मच बेसन में एक चम्मच प्याज का रस और आधा चम्मच दूध मिलाएं। इस मास्क को चेहरे पर लगाकर 20 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद फेस वॉश से चेहरा धो लें। इस फेस पैक के इस्तेमाल से आपको ग्लोइंग स्किन मिलेगी।