Holi 2022 : चेहरे और बालों से होली के हानिकारक रंग छुड़ाने के आसान घरेलू उपाय

By Ek Baat Bata | Mar 12, 2022

होली एक ऐसा त्यौहार है जो रिश्तों में मिठास घोल देता है। भारत में होली का त्यौहार बड़ी धूम-धाम से मनाया जाता है। होली का त्यौहार सभी भारतीयों के लिए ख़ुशियाँ लेकर आता है। यह विभिन्न तरह के रंगों का त्यौहार होता है और इन्हीं रंगों से हम होली तो खेल लेते है लेकिन बाद में रंगों को निकालने में परेशानी होती है। भारत के हर राज्य में अनेकों प्रकार से होली मनाई जाती है। कई जगहों पर लोग होली रंगों से खेलते हैं, तो कई जगहों पर फूलों से। इतना ही नहीं उत्तर प्रदेश में तो लठ मार होली भी खेली जाती है। मगर ज्यादातर लोग रंगों से होली खेलना पसंद करते हैं। वहीं होली खेलने में इस्तेमाल होने वाले रंग काफी नुकसानदेह होते हैं। मगर होली खेलने में लोग इतने मगन हो जाते हैं कि वो इन रंगों से अपनी त्वचा की रक्षा करना भूल जाते हैं। वहीं होली खेलते समय अगर थोड़ी सावधानी बरती जाए तो आप इन रंगों से होने वाले नुकसानों से बच सकते हैं और शरीर एवं बालों से इन रंगों को आसानी से निकाल सकते हैं।
आजकल होली खेलने के लिए ऐसे केमिकल रंगों का प्रयोग किया जा रहा है जिससे त्वचा और बालों पर बहुत बुरा प्रभाव पड़ता है। बहुत से लोग तो इस डर के कारण होली भी नहीं खेलते है। होली के बारे में आप जानते ही हैं रंगो के बिना ये अधूरी है। होली पर कोई सूखे रंगों से होली खेलना पसंद करता है तो कोई पानी वाली या प्राकृतिक रंगों से होली खेलना पसंद करता हैं। वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं जो केमिकल और रासानियक रंगों से होली खेलते हैं। इन रंगों को छुड़ाना बहुत मुश्किल होता है। होली के बाद सबसे मुश्किल काम यही है कि रंगों को छुड़ाओ। इस परेशानी से बचने के लिए आपको ऐसे रंगों का इस्तेमाल करना चाहिए जिससे आपकी स्किन को कोई नुकसान ना हो। अगर कोई आपको जबरदस्ती ऐसे गहरे और जिद्दी रंग लगा भी दे, जिन्हें आप आम उपायों से नहीं छुटा पा रहे हैं, तो परेशान न हों। इन रंगों को भी कुछ आसान उपायों द्वारा आसानी से छुड़ाया जा सकता है।
होली खेलने से पहले क्या करें -
आप अपने चेहरे पर वैसलीन, क्रीम या फिर कोई भी तेल अच्छे से लगा लें। ऐसा करने से होली के रंग आपकी त्वचा पर नहीं चढ़ेंगे और आप आसानी से इन रंगों से निजात पा लेंगे। वहीं अगर फिर भी आपकी त्वचा पर ये रंग चढ़ जाते हैं, तो आप नीचे बताए गए घरेलू नुस्खों की मदद से इन्हें साफ कर सकते हैं। होली से एक दिन पहले अपने बालों पर अच्छे से तेल लगा लें। तेल से बालों पर मालिश करने से बालों का पूरा पोषण होगा, रंगों के प्रभाव से बाल रूखे नहीं होंगे और बालों से रंग भी आसानी से निकला जाएगा। होली से एक या दो दिन पहले शैंपू न करें इससे बालों को रंगों से कम नुकसान पहुंचेगा क्योंकि हमारे सिर में मौजूद प्राकृतिक तेल बालों को हानिकारक रंगों से बचाने का काम करता हैं।
चेहरे से होली के रंग छुड़ाने के उपाय
होली के रंगों के अधिक प्रभाव से अपने चेहरे को बचाने के लिए अपने चेहरे से बार-बार रंग को निकालते रहें। निकालने से मतलब चेहरे को धोना नहीं है बल्कि बार-बार अपने चेहरे से रंगों को झाड़ते रहें। अगर आप बार-बार अपने चेहरे से रंग को धोएंगे तो आपकी त्वचा रूखी हो जाएगी और उसे नुकसान पहुंचेगा।
1. दही
दही रंग को चेहरे से छुड़ाने का सबसे आसान उपाय है। त्वचा के जिन-जिन हिस्सों में रंग लगा है, उन हिस्सों पर दही लगा कर हल्के से मालिश करें। ऐसा करने से होली का रंग धीरे-धीरे हल्का होगा और निकल जायेगा।
2. नींबू
नींबू और बेसन का घोल पक्के रंगों को भी हल्का करने में असरदार है। नींबू और बेसन का पेस्ट बना कर अपने चेहरे और त्वचा के उन हिस्सों में लगाएं जहाँ रंग लगा है और उसके बाद उसे हल्के हाथों से निकाल दें।
3. जौ का आटा
जौ के आटे में थोड़ा सा दूध या दही मिलाकर पेस्ट बना लें और इस पेस्ट को अपने चेहरे या जहाँ भी रंग लगा है वहां लगा दें। इसके बाद इस पेस्ट के सूखने पर उसे धो लें। रंग छुड़ाने में यह उपाय भी बेहतरीन है।
4. बादाम का तेल
बादाम का तेल गहरे रंग को छुड़ाने में भी असरदार है। बादाम के तेल को त्वचा पर लगाने या इसका मुल्तानी मिट्टी के साथ पेस्ट बना कर लगाने से भी चेहरे पर लगा रंग छूट जाता है।
5. केला या खीरा
खीरा और केला दोनों अच्छे क्लीज़र है। केले को मैश करके उसमे नींबू का रस मिला लें और इसके बाद इस मिश्रण को अपने चेहरे पर लगाकर कुछ देर ऐसे ही छोड़ दें। इसके बाद धीरे-धीरे इस पेस्ट को निकालें। इससे आपकी त्वचा का उचित पोषण भी होगा। ऐसे ही खीरे का भी पेस्ट बना लें या इसे अपने चेहरे पर मलें।
6. मुल्तानी मिट्टी
मुल्तानी मिट्टी का गुलाब जल के साथ पेस्ट बना लें और इसे चेहरे या त्वचा के उन हिस्सों पर लगाएं जहाँ रंग लगा है। उसके बाद चेहरे और त्वचा को धो दें। इससे न केवल आपकी त्वचा को रंगों के नुकसान जैसे जलन या पिम्पल से मुक्ति मिलेगी बल्कि आपकी त्वचा का रंग भी और निखरेगा।
7. पपीता
पके हुए पपीते को त्वचा पर रगड़ने से चेहरे से रंग आसानी से निकल जाता है। पपीते के एक टुकड़े को चेहरे पर रगड़ लें, इससे रंग आसानी से निकल जाएगा।
8. दाल
रंग को निकालने के लिए दालें बेहतरीन उपाय है।  किसी भी दाल जैसे मसूर की दाल को रात भर भिगो कर रखें और उसके बाद उसे पीस लें। पीसी हुई दाल में थोड़ा दूध मिला कर पेस्ट बना लें और त्वचा पर लगाकर कुछ देर तक रखें और उसके बाद इसे धो दे। अगर दाल को भिगोया नहीं है तो भी आप इसे पीस कर इसका स्क्रब बना कर प्रयोग में ला सकते है।
बालों से रंग कैसे छुड़ाएं
1. मालिश
होली के बाद सबसे पहले खुले पानी से अपने बालों को धो दें ताकि रंग निकला जाए। इसके बाद शैंपू या कंडीशनर का प्रयोग करें। अगर फिर भी बालों में रंग हो तो उस दिन फिर से शैंपू न करें क्योंकि ऐसा करने से आपके बाल रूखे हो जायेंगे। इसके बजाये फिर से बालों में अच्छे से तेल से मालिश करें और अगले दिन बालों को धोएं।
2. नींबू
बालों से होली के रंग को छुड़ाने के लिए दही में बेसन और नींबू के रस को मिला कर अपने सिर पर मालिश करें और उसके बाद किसी मृदु शैंपू से बालों को धो दें। इसके साथ ही नींबू के रस और बेकिंग सोड़ा को मिला कर बालों में लगाकर थोड़ी देर रखने के बाद इन्हें धोने से भी रंग निकल जाता है।
3. मेथी के दाने
मेथी के दानों को रात भर भिगो कर उनका पेस्ट बना लें। अब इस पेस्ट को लगभग पंद्रह मिनटों तक बालों में लगा कर रखें और उसके बाद धो दें। इससे न केवल बालों से रंग निकलेगा बल्कि रुसी आदि से भी आप बचे रहेंगे।
4. आंवले का पानी
अपने बालों को होली के रंगों के प्रभाव से बचाने के लिए आंवले के पानी में सिरका मिला कर सिर को धोएं। होली के बाद अगर आपके बाल बेजान हो गए हों तो एक केले में थोड़ा दूध डालकर मिक्सर में एक पैक बना लें और उसके बाद उसमे शहद मिला लें। इस पैक को बालों में लगाकर कुछ देर तक ऐसे ही रहने दें और उसके बाद धो लें। बाल पहले की तरह खूबसूरत हो जायेंगे। इसके साथ ही अंडे का पैक बना कर लगाने से भी बालों की खूबसूरती बनी रहती है।
चेहरे के रंग छुड़ाने  के कुछ अतिरिक्त उपाए 
चेहरे से होली के रंगों को निकालने के लिए बार-बार अपने चेहरे को ना धोएं। क्योंकि ऐसा करने से आपका चेहरा एकदम सूख जाएगा और चेहरे की त्वचा को भी काफी नुकसान पहुंचेगा। इसलिए अपने चेहरे को बार-बार धोने से बचें। वहीं घर की रसोई में मौजूद सामान का इस्तेमाल करके, कोई भी आसानी से होली के रंगों से छुटकारा पा सकता हैं। इतना ही नहीं नीचे बताए गए फेस पैकों की मदद से त्वचा को रंगों से जो नुकसान होता है, वो भी ठीक हो जाता है।
कुछ ध्यान देने वाली बातें 
होली के बाद रंगों से छुटकारा पाने के लिए कभी भी गर्म पानी का इस्तेमाल न करें। इससे बालों और चेहरे दोनों को नुकसान होगा। इसके साथ ही ब्लीच करने से भी बचें। कई लोगों को लगता है कि बार-बार त्वचा को रगड़ने या बालों को मलने से रंग जल्दी निकल जाता है लेकिन यह सही नहीं है। ऐसा करना भी हानिकारक हो सकता है। अगर बुरी गुणवत्ता के रंगों के कारण आपकी त्वचा या चेहरे में जलन हो रही है तो शहद के लेप, आलू के टुकड़े या टी-बैग का प्रयोग करें। चेहरे की त्वचा बेहद नाजुक और पतली होती है। ऐसे में इसका रंग निकालने के लिए साबुन की जगह घरेलू नुस्खों का प्रयोग करना फायदेमंद होता है। होली अच्छाई और एकता का प्रतीक है, ऐसे में इसके रंगों से अपने जीवन को रंगीन बनाएं, परेशानी का कारण नहीं।
नोटः अगर आंखों में रंग पड़ जाए तो सबसे पहले ठंडे साफ पानी से आंखे धोइएं। याद रहें कि अगर बच्चों की आंखों में रंग की वजह से जलन हो रही है तो उन्हें आंखें मत मलने दीजिएं। आंखे मलने से यह आंखों के अंदर फैल सकता है। आंखों पर ठंडे पानी डालने से काफी राहत मिलेगी।