Parenting Tips: बच्चे को सफल बनता देखना चाहते हैं तो पेरेंट्स को जरूर जाननी चाहिए ये बातें

By Ek Baat Bata | Jun 07, 2025

हर माता-पिता की यह ख्वाहिश होती है कि उनका बच्चा बड़ा होकर एक सफल और खुशहाल जिंदगी बिताए। लेकिन सफलता सिर्फ पढ़ाई-लिखाई या फिर नौकरी तक ही सीमित नहीं होती है। सफल वहीं बच्चा होता है, जो सही सोच, अच्छे संस्कार और पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने जीवन में आगे बढ़ता है। वहीं आजकल की बदलती दुनिया में पेरेंट्स के लिए यह जरूरी हो जाता है कि वह अपने बच्चे को सही दिशा दें। ऐसे में अगर आप भी चाहते हैं कि आपका बच्चा हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त करे, तो आपको कुछ अहम बातों के समझना होगा।

प्यार और भरोसा दें
बच्चे को सफल बनाने के लिए जो चीज सबसे ज्यादा जरूरी होती है, वह है प्यार और भरोसा। जब बच्चा अपने माता-पिता के साथ वह प्यार और भरोसा महसूस करता है, तो वह बिना डरे कुछ नया सीखने का प्रयास करता है। इसलिए ऐसा माहौल बनाएं, जिससे बच्चे का आत्मविश्वास बढ़े।

बच्चे की रुचि को समझें
हर बच्चा दूसरों से अलग होता है और उसकी अपनी पसंद-नापसंद होती है। ऐसे में पेरेंट्स को बच्चे के इंट्रेस्ट और शौक को पहचानकर उसे प्रोत्साहित करने का काम करना चाहिए। इससे जब बच्चे को वह काम मिलेगा, जिसको करने में उसे मजा आएगा, तो वह खुद पूरी मेहनत से उस काम को करेगा और उसमें सफल भी होगा।

अच्छी आदतें और अनुशासन सिखाना है जरूरी
हर पेरेंट्स अपने बच्चे को सफल देखना चाहते हैं। ऐसे में जरूरी है कि आप उनको अच्छे संस्कार देने के साथ अनुशासन भी सिखाएं। जैसे समय पर काम पूरा करना, पूरी मेहनत से काम करना, समय पर पढ़ाई आदि करना। अपनी जिम्मेदारियों को समझकर बच्चा बड़ा होकर एक बेहतर इंसान बनता है।

फैसले खुद लेने दें
आप बतौर पेरेंट्स बच्चों को छोटी-छोटी जिम्मेदारियां देकर उनको स्वतंत्र बनाएं। क्योंकि जब बच्चा खुद से कोई भी फैसला लेने का प्रयास करता है, तो उसकी सोच विकसित होती है। इससे वह बड़े होकर सही निर्णय लेने में सक्षम होंगे।