दादी माँ के नुस्खे: वजन कम करने से लेकर अस्थमा तक में काम आती है अजवायन

By Ek Baat Bata | Apr 22, 2020

भारत में कई तरह के मसाले हैं, जो खाने के स्वाद तो बखूबी बढ़ाते हैं। साथ ही सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद होते हैं। ऐसे ही आज हम बात करेंगे उन्ही मसालों में से एक अजवाइन की जो न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाती है बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी काफी लाभदायक होती है। अजवाइन के सेवन से स्वास्थ्य बिल्कुल ठीक रहता है। यही कारण है कि जितने भी भारतीय भोजन होते हैं उन सब में अजवाइन जरूर होती है। साथ ही इसका ज्यादा से ज्यादा पकवानों में इस्तेमाल किया जाता है। वहीं यह ज़्यदातर होने वाली बीमारियों में भी काफ़ी काम आती है। पेट दर्द के होने पर या गैस बनने पर बड़े-बुजुर्ग भी एक चुटकी अजवाइन खाने की सलाह देते हैं और यह सलाह यकीनन बहुत काम आती है और असमय उठते पेट दर्द में इसके सेवन करने से काफ़ी राहत मिलती है। हम आपको अजवाइन के कई फायदों के बारे में बताएगें। साथ ही यह भी बताएंगे की किस तरह से अजवाइन का सेवन कर सकते हैं-

पेट की समस्या और एसिडिटी से बचाए
यदि आप एसिडिटी या पेट से संबंधित समस्याओं से परेशान हैं तो आपके लिए सबसे अच्छा उपाय है अजवाइन का सेवन, यह इन सभी बीमारियों को दूर करने में बहुत ही ज्यादा फायदेमंद साबित हो सकती है। इसमें एंटीएसिड गुण होते हैं, जो एसिडिटी की समस्या से राहत दिलाने में मदद करते हैं। इसका सेवन करने के लिए आपको एक चम्मच अजवाइन में एक चम्मच जीरा और थोड़ा अदरक का पाउडर मिलाकर मिक्सर बनाना होगा। और इसके सेवन से आपकी पेट से सम्बंधित सारी बीमारियां खत्म हो जाएंगी।

गैस और कब्ज
गैस और कब्ज की समस्या को यह बहुत ही आसानी से ख़त्म कर देती है। यह समस्या किसी को भी हो सकती है इसलिए ऐसी परेशानी में अजवाइन का सेवन करें। यह काफ़ी असरदार उपाय है। इसमें थाइमोल की मात्रा ज्यादा होती है जिसके कारण गैस्ट्रिक रस का स्राव बढ़ता है। इसके साथ ही अजवाइन में रेचक गुण होते हैं। जिसकी वज़ह से कब्ज की समस्या दूर हो जाती है।

दिल के लिए फायदेमंद
अजवाइन पेट के साथ-साथ शारीरिक समस्याओं में भी लाभदायक है। यह कोलेस्ट्राॅल के स्तर को ठीक रखती है। जोकी दिल के स्वास्थ्य के लिए काफ़ी फायदेमंद है। साथ ही यह सीने के दर्द से भी राहत दिलाने में बहुत मददगार है। इसके लिए आप एक चम्मच अजवाइन को गुनगुने पानी के साथ ले सकते हैं।

अस्थमा
अजवाइन अस्थमा की परेशानी में भी काफ़ी लाभदायक है। यदि आप गुनगुने पानी के साथ अजवाइन खाएं तो यह ब्रोंकाइटिस और अस्थमा में राहत देती है। साथ ही स्वाद के लिए आप दिन में दो बार गुड़ के साथ अजवाइन खा सकते हैं। अजवाइन के अंदर एंटीस्पैमोडिक और कार्मिनेटिव गुण होते हैं। जिसके कारण अस्थमा में काफ़ी राहत मिलती है।

स्तनपान के लिए
आपको जानकर हैरानी होगी कि महिलाओं के स्तन में दूध बढ़ाने में अजवाइन काफी असरदार होती है। यह गर्भाशय को साफ करती है। और स्तन में दूध बढ़ाने में मदद करती है। इसके लिए एक चम्मच सौंफ और आधा चम्मच अजवाइन एक लीटर पानी में डालकर उबालें। इस पानी को आप रोजाना पिएं। यह आपके शरीर में बहुत जल्दी बदलाव का एहसास कराएगी।

वजन कम करे
अजवाइन आपके बढ़ते वज़न को भी रोकने में काफ़ी लाभदायक साबित होगी। इसके लिए आप रोजाना सुबह खाली पेट एक चम्मच अजवाइन पानी के साथ लें। रोजाना ऐसा करने से आप बहुत ही कम समय मे अपने वजन को घटा सकती हैं।

मासिक धर्म में लाभदायक
अजवाइन मासिकधर्म में भी काफी लाभकारी है। अगर आपको पीरियड्स के समय ज्यादा दर्द या अनियमितता की शिकायत है तो आपके लिए अजवाइन का सेवन बहुत लाभदायक होगा। इसके लिए आप मिट्टी के बर्तन में पानी भरकर एक मुट्ठी अजवाइन डालकर रातभर के लिए छोड़ दें। फिर इसे अगली सुबह पीसकर उसका सेवन करें यह आपके लिए बहुत फायदेमंद होगी।